1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. VIDEO: मंत्री के सचिव के पास कुबेर का खजाना... छापेमारी में अब तक 14.38 करोड़ की संपत्ति का खुलासा

VIDEO: मंत्री के सचिव के पास कुबेर का खजाना... छापेमारी में अब तक 14.38 करोड़ की संपत्ति का खुलासा

 Reported By: T Raghavan Edited By: Malaika Imam
 Published : Dec 24, 2025 11:18 pm IST,  Updated : Dec 24, 2025 11:20 pm IST

कर्नाटक लोकायुक्त ने मंत्री बी. ज़ेड. ज़मीर अहमद खान के निजी सचिव सरफ़राज़ खान के ठिकानों पर छापेमारी कर लगभग ₹14.38 करोड़ की संपत्ति का खुलासा किया।

मंत्री के निजी सचिव के ठिकानों पर छापेमारी- India TV Hindi
मंत्री के निजी सचिव के ठिकानों पर छापेमारी Image Source : REPORTER

कर्नाटक में भ्रष्टाचार के खिलाफ जारी अभियान के तहत बुधवार को लोकायुक्त पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। लोकायुक्त की टीम ने राज्य के आवास एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री बी. ज़ेड. ज़मीर अहमद खान के निजी सचिव (PS) सरफ़राज़ खान के ठिकानों पर छापेमारी की। इस तलाशी अभियान में अब तक लगभग 14.38 करोड़ रुपये की संपत्ति का पता चला है।

100 से अधिक अधिकारियों की टीम

लोकायुक्त की टीम में 100 से अधिक अधिकारी शामिल थे। टीम ने बुधवार सुबह एक साथ राज्य भर में 13 अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी शुरू की। सरफ़राज़ खान, जो वर्तमान में सहकारी सोसाइटी निदेशालय के वरिष्ठ अधिकारी हैं और आवास एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग में सचिव पद पर प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत हैं, अब जांच के घेरे में हैं।

आलीशान घर और लग्जरी गाड़ियां

जांच के दौरान जो आंकड़े सामने आए हैं, वे चौंकाने वाले हैं। लोकायुक्त द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार, सरफ़राज़ खान के नाम पर चार आलीशान मकान और कुल 37 एकड़ कृषि भूमि के दस्तावेज़ मिले हैं। इसके अलावा, ₹5.93 करोड़ की चल संपत्तियां भी जब्त की गईं, जिनमें लगभग ₹2.99 करोड़ के आभूषण, ₹1.64 करोड़ मूल्य के लग्ज़री वाहन, ₹1.29 करोड़ की बैंक जमा राशि व निवेश और ₹66,500 नकद शामिल हैं।

जांच के घेरे में 'आय से अधिक संपत्ति'

सरफ़राज़ खान की आधिकारिक आय और बरामद संपत्तियों के बीच भारी अंतर को देखते हुए लोकायुक्त अब आय से अधिक संपत्ति के कोण से जांच कर रही है। जब्त किए गए दस्तावेज़ों, बैंक लॉकरों और वित्तीय अभिलेखों की गहन पड़ताल जारी है, ताकि खान की कथित रूप से अनुपातहीन संपत्ति की पूरी तस्वीर सामने लाई जा सके।

ये भी पढ़ें-

रॉड दिखाकर बस रुकवाई, 60 किलो चांदी के साथ 2.50 करोड़ का माल लूटा, 12 घंटे में पुलिस ने सब कर दिया खुलासा

BMC चुनाव के लिए शिवसेना ने 40 स्टार प्रचारकों की लिस्ट की जारी, सुपरस्टार गोविंदा का भी नाम

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत