नई दिल्लीः रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शुक्रवार को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर त्योहारों के सीजन की तैयारियों का जायजा लिया। इस मौके पर अश्वनी वैष्णव ने दावा किया कि इस साल दिवाली, छठ और दुर्गा पूजा को मिलाकर पूरे त्योहारों के सीजन में करीब 18 हजार स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि रेलवे ने पिछले 10 साल के आंकड़ों का अध्ययन किया है। यह देखा गया है कि किन शहरों से त्योहारों के समय सबसे ज्यादा यात्री सफर करते हैं और किन शहरों में जाने की मांग सबसे ज्यादा रहती है। इसी डेटा के आधार पर योजना बनाई गई है कि किस रूट पर कितनी ट्रेनें चलानी हैं और कहां अतिरिक्त ट्रेनें लगाने की जरूरत है।
आज चल रही हैं सबसे ज्यादा ट्रेनें
मंत्री ने कहा कि पिछले कुछ सालों के अनुभव से पता चला है कि दिवाली के दिन से ज्यादा भीड़ धनतेरस के आसपास होती है। इसलिए इस बार धनतेरस के दिन यात्रियों की ज्यादा संख्या को ध्यान में रखते हुए अधिक स्पेशल ट्रेनें लगाई गई हैं। इसी तरह दिवाली के बाद छठ पूजा से करीब तीन दिन पहले यात्रियों की संख्या सबसे ज्यादा बढ़ती है। रेलवे ने इस पैटर्न को भी ध्यान में रखा है। हमारा प्रयास है कि हर साल के अनुभव से सीखकर अगली बार यात्रियों के लिए और बेहतर व्यवस्था की जाए। रेलवे में यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है और उसी के हिसाब से सुविधाएं बढ़ाने पर भी लगातार काम किया जा रहा है।
यात्रियों के लिए बनाया गया है होल्डिंग एरिया
रेल मंत्री ने बताया कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर होल्डिंग एरिया को लेकर नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर रिजर्व टिकट वाले यात्रियों के लिए एक बड़ा होल्डिंग एरिया बनाया गया है। पहले स्टेशन पर आने के लिए 6 अलग-अलग गेट थे। इसकी वजह से यात्रियों को कई बार कन्फ्यूजन होता था कि उन्हें किस गेट से जाना है। अब इन सभी व्यवस्थाओं को एक जगह किया गया है और यात्रियों के लिए बड़ा होल्डिंग एरिया बनाया गया है।
पहले लगेज की जांच और दूसरी जरूरी सुविधाएं स्टेशन के अंदर थीं। अब इन सुविधाओं को बाहर कर दिया गया है। इससे स्टेशन के अंदर का टिकटिंग और वेटिंग एरिया यात्रियों के लिए ज्यादा खुला और सुविधाजनक हो गया है। इस नई व्यवस्था से यात्रियों को काफी फायदा मिल रहा है। दिल्ली में सामान्य दिनों में रोजाना 5 लाख से ज्यादा यात्रियों का आवागमन होता है। लेकिन त्योहारों के समय यह संख्या बढ़कर करीब 8 लाख तक पहुंच जाती है। आज का दिन भी यात्रियों की संख्या के लिहाज से काफी व्यस्त है। इतनी बड़ी संख्या में यात्रियों को संभालने के लिए रेलवे ने कई इंतजाम किए हैं।
भीड़ कंट्रोल करने के लिए किए गए हैं उपाय
मंत्री ने बताया कि अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं। रेलवे कर्मचारियों की तैनाती बढ़ाई गई है और होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं। कोशिश है कि यात्रियों को ज्यादा इंतजार न करना पड़े और वे कम से कम समय में अपनी ट्रेन तक पहुंच सकें। जहां भीड़ ज्यादा होती दिखाई देती है, वहां तुरंत जरूरी कदम उठाए जाते हैं। कहां भीड़ को रोकना है, कहां से यात्रियों को दूसरी तरफ भेजना है और कहां अतिरिक्त व्यवस्था करनी है, इन सभी चीजों पर नजर रखी जा रही है। देश के कई बड़े रेलवे स्टेशनों पर भी इसी तरह के होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं। इनका अच्छा फायदा मिल रहा है। पिछले साल त्योहारों के दौरान करीब 12 हजार स्पेशल ट्रेनें चलाई गई थीं। इन ट्रेनों में से कई को बाद में नियमित ट्रेनों में बदल दिया गया।
ये भी पढ़ेंः दिल्ली में दिवाली पर रात 10 बजे तक चलेगी मेट्रो, DMRC ने टाइमिंग में किया बदलाव; जारी की एडवाइजरी
पटियाला में कर्मभूमि एक्सप्रेस के 4 कोच में लगी भीषण आग, मची अफरा-तफरी; सामान छोड़कर कई यात्री ट्रेन से कूदे
Latest India News