1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली में दिवाली पर रात 10 बजे तक चलेगी मेट्रो, DMRC ने टाइमिंग में किया बदलाव; जारी की एडवाइजरी

दिल्ली में दिवाली पर रात 10 बजे तक चलेगी मेट्रो, DMRC ने टाइमिंग में किया बदलाव; जारी की एडवाइजरी

 Reported By: Sanjay Sah,  Written By: Mangal Yadav
 Published : Nov 06, 2026 04:16 pm IST,  Updated : Nov 06, 2026 04:43 pm IST

दिवाली के दिन दिल्ली मेट्रो के समय में बदलाव किया गया है। दिवाली के दिन एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन सहित सभी लाइनों के टर्मिनल स्टेशनों से आखिरी मेट्रो ट्रेन रात 10:00 बजे रवाना होगी, जबकि सामान्य दिनों में यह रात 11:00 बजे रवाना होती है।

दिल्ली मेट्रो - India TV Hindi
दिल्ली मेट्रो Image Source : PTI/FILE

नई दिल्लीः दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने दिवाली के अवसर पर 8 नवंबर, 2026 के लिए ट्रेनों के समय में बदलाव किया है। तीन लाइनों पर मेट्रो सेवाएं सामान्य समय से एक घंटा पहले शुरू हो जाएंगी, जबकि सभी लाइनों के टर्मिनल स्टेशनों से आखिरी ट्रेन एक घंटा पहले रवाना होगी।

सुबह 6 बजे से चलेगी मेट्रो, आखिरी मेट्रो रात 10 बजे तक

दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) के अनुसार, दिवाली के अवसर पर यानी 8 नवंबर 2026 (रविवार) को पिंक लाइन (मजलिस पार्क-मजलिस पार्क/शिव विहार), मैजेंटा लाइन (बोटेनिकल गार्डन-कृष्णा पार्क एक्सटेंशन और मजलिस पार्क-दीपाली चौक) और ग्रे लाइन (द्वारका काकरोला-धंसा बस स्टैंड) पर मेट्रो ट्रेन सेवाएं सुबह छह बजे से शुरू हो जाएगी। इन लाइनों पर मेट्रो आमतौर पर रविवार को सुबह 7:00 बजे शुरू होती हैं, लेकिन दिवाली के दिन मेट्रो सुबह छह बजे से चलेगी। 

डीएमआरसी ने यह भी बताया कि शाम को दिवाली के जश्न को देखते हुए सभी मेट्रो लाइनों (एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन सहित) के टर्मिनल स्टेशनों से आखिरी मेट्रो ट्रेन सेवा रात 11:00 बजे के बजाय रात 10:00 बजे तक ही चलेगी। यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे अपनी यात्रा की योजना उसी अनुसार बनाएं। अधिक जानकारी के लिए वे DMRC की वेबसाइट और आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल देख सकते हैं।

पिछले साल भी मेट्रो के समय में हुआ था बदलाव

बता दें कि पिछली साल भी दिल्ली मेट्रो के समय में बदलाव किया गया था। उस समय भी मेट्रो रात 10 बजे तक चलाई गई थी और सुबह एक घंटे पहले से संचालित हुई थी।  उस समय भी सभी लाइनों पर मेट्रो के समय में बदलाव की जानकारी सोशल मीडिया हैंडल पर दी गई थी। 

दिल्ली मेट्रो ने ट्रेनों के फेरे बढ़ाए

हाल ही में, दिल्ली में GRAP-I (ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान) लागू होने के बाद, DMRC ने कार्यदिवसों (weekdays) पर ट्रेनों के फेरों की संख्या बढ़ा दी है। इस कदम का उद्देश्य लोगों को निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित करना और राष्ट्रीय राजधानी में वायु प्रदूषण को कम करने में मदद करना है। इसी प्रयास के तहत, DMRC अपने पूरे नेटवर्क पर सोमवार से शुक्रवार तक 20 अतिरिक्त ट्रेन फेरे चला रहा है।

ये भी पढ़ेंः दिल्ली-NCR के 10 सबसे प्रदूषित इलाके, जहां की हवा में सांस लेना मुश्किल है, जानें कौन कौन क्षेत्र हैं

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।