Rajat Sharma's Blog | नेपाल में ढाई हज़ार लापता, उम्मीद टूटने लगी
हर परेशान व्यक्ति कोई सेना में, सरकार में, मीडिया में अपने परिचितों को ढूंढने में मदद के लिए अनुरोध कर रहा है, लेकिन इस मामले में सब असहाय हैं। किसी के बस में कुछ नहीं है। हम केवल ईश्वर से प्रार्थना कर सकते हैं कि कोई चमत्कार हो, जो लोग लापता हैं, उनमें ज्यादा से ज्यादा लोग अपने घर लौटें।

नेपाल पर एक और बड़ा खतरा टल गया। तिब्बत में जो कृत्रिम झील के फटने का डर था, वह, चीनी अधिकारियों के मुताबिक, अब सिकुड़ती जा रही है और फिर से बाढ़ का अभी खतरा नहीं है। मृतकों की संख्या 600 पार कर गई है, और अभी भी 2,426 लोग लापता हैं। इनमें 517 विदेशी नागरिक हैं।
विदेश मंत्रालय ने कहा है कि तिब्बत में फंसे करीब 400 भारतीय सुरक्षित हैं, लेकिन अभी भी 300 से ज्यादा भारतीय लापता हैं। उनसे कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है। नेपाल से जो खबरें मिल रही है, वो बहुत भयानक है। जैसे जैसे वक्त बीत रहा है लापता लोगों के बचने की उम्मीद कम होती जा रही है।
न्यूयॉर्क के शशिधरन अपनी पत्नी और 14 साल की बेटी का इंतजार कर रहे हैं। तीस साल से पहाड़ों को नापने वाले मुंबई के डॉक्टर मिलिंद चितले और उनकी पत्नी का कुछ पता नहीं है। ऑस्ट्रेलिया में भारतीय रेस्त्रां चलाने वाले उमेश शर्मा और उनकी पत्नी कृष्णा की बस आखिरी लोकेशन पता है, उसके बाद क्या हुआ, कोई नहीं जानता। कनाडा के मोहित कौशिक और रुचि खत्री trekking पर गए थे, वे कहां फंसे हैं, जिंदा हैं या नहीं, कुछ नहीं पता।
ब्रिटेन की नीतू तिवारी ईशा फाउंडेशन के ग्रुप में कैलास के दर्शन करने के लिए गईं थीं। दिल्ली में उसके मम्मी-पापा और भाई इंतजार कर रहे थे। बाढ़ जब आई तब नीतू चीन के गिरोंग check point पर मौजूद थी। ब्रिटेन के स्पंदन साहू ने अभी Royal Grammar school से A level finish किया था। वो अपने पापा संतोष साहू, मां सुरभि और 13 साल की बहन सायना के साथ नेपाल घूमने गया था। पूरे परिवार की कोई खबर अभी तक नहीं मिली है।
कनाडा की मेघा शाह अपने पति धवल शाह के साथ कैलास के दर्शन के लिए गईं थी, शुभाक्षी रावला और उनके पति सुमित रावला भी साथ थे। ये सब कैलास होटल में रुके थे। त्रासदी के बाद इन चारों लोगों से कोई बात नहीं हो पाई।
ऐसे कई सारे लोगों को अपने रिश्तेदारों का इंतजार है। संचार संपर्क अभी तक चालू नहीं हो पाया है। हर परेशान व्यक्ति कोई सेना में, सरकार में, मीडिया में अपने परिचितों को ढूंढने में मदद के लिए अनुरोध कर रहा है, लेकिन इस मामले में सब असहाय हैं। किसी के बस में कुछ नहीं है। हम केवल ईश्वर से प्रार्थना कर सकते हैं कि कोई चमत्कार हो, जो लोग लापता हैं, उनमें ज्यादा से ज्यादा लोग अपने घर लौटें।
सोशल मीडिया पर बीजेपी आक्रामक क्यों हुई ?
कांग्रेस और राहुल गांधी को लेकर बीजेपी का IT cell अचानक बहुत आक्रामक हो गया है। इस IT cell की सारी यूनिट्स राहुल गांधी पर वायरल वीडियोज की बरसात करने में लगी हैं। इसकी शुरुआत हुई थी, राहुल की “छात्रों की गूंज” रैली की टक्कर में “झूठ की गूंज” नाम के वीडियो कैंपेन से। दरअसल, “झूठ की गूंज” ने राहुल के दावों का फैक्ट चेक किया। लिखा कि राहुल ने अपने 4 प्रोग्राम में कुल 40 दावे किए, इनमें से 29 पूरी तरह फेक थे, 11 मिसलीडिंग थे।
इस वेबसाइट ने राहुल के दावों के फैक्ट चेक के लिए सरकारी डेटा समेत कुल 134 सोर्स का इस्तेमाल किया। राहुल के हर दावे का जवाब फैक्ट्स से दिया। कांग्रेस के नेताओं ने इसे बीजेपी से कनेक्ट करना शुरू कर दिया, इसके पीछे मोदी के लोगों का हाथ बताया।
केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने सफाई दी कि इस वेबसाइट से बीजेपी का कोई लेना देना नहीं है, ये वेबसाइट GEN Z क्रिएटर्स ने बनाई है, राहुल के पीआर स्टंट को एक्सपोज किया है, इसमें गलत क्या है ? अगर कांग्रेस के पास इन फैक्ट चेक का कोई जवाब है तो दे।
पिछले 72 घंटों से राहुल गांधी और कांग्रेस के खिलाफ एक coordinated और अग्रेसिव कैंपेन चल रहा है। ये कैंपेन बीजेपी के अलग अलग राज्यों की IT सेल चला रही है और बीजेपी के इस सोशल मीडिया वॉर का हथियार है, छोटे छोटे मीम्स और वीडियोज़। बीजेपी के IT cell ने जिस तरह से पिछले तीन दिन में राहुल गांधी और कांग्रेस पर...नए-नए creatives की carpet bombing की है, उससे कांग्रेस चकरा गई है।
दरअसल, Instagram, Facebook, Twitter, YouTube के जरिए राजनीतिक जंग कोई नई बात नहीं है। 2014 के चुनाव के समय नरेंद्र मोदी ने राजनीति के लिए इंटरनेट का सबसे प्रभावी तरीके से इस्तेमाल किया था। अगर followers के लिहाज से देखें तो मोदी आज भी digital media के king हैं। मोदी की IT team ने कई साल तक Social media को पूरी तरह dominate किया। फिर बाकी राजनीतिक दल भी इस मैदान में उतरे। कांग्रेस के IT cell ने अपनी पूरी ताकत नरेंद्र मोदी की छवि को damage करने में लगाई। इसकी intensity बढ़ती गई। पिछले दो तीन साल में attack personal हो गए, बीजेपी ने भी इसका जवाब दिया, लेकिन बीजेपी का IT cell defensive पर दिखाई देता था
अब बीजेपी में IT cell की जो नई टीम आई है, उसने बहुत आक्रामक रुख अपनाया है। Urban naxals पर videos और posts की बाढ़ सी आ गई है। बीजेपी का टारगेट राहुल गांधी हैं पर अच्छी बात ये है कि कहीं below the belt attack नहीं किया गया। लगता है आने वाले दिनों में ये युद्ध और तेज़ होगा।
इमरान के बेटों से शहबाज़, मुनीर को किस बात का डर?
इंग्लैंड में लॉर्ड्स के मैदान पर पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच टेस्ट मैच चल रहा है। दूसरे टेस्ट मैच के पहले दिन पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड और मैच के ऑफिशियल ब्रॉडकास्टर स्काई स्पोर्ट्स के बीच विवाद हो गया। दरअसल, इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल एथरटन ने पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के बेटों कासिम और सुलेमान का एक इंटरव्यू किया।
स्काई स्पोर्ट्स ने इसे मैच के बीच लंच ब्रेक के वक्त ब्रॉडकास्ट करने की तैयारी कर ली लेकिन जब खबर फैली तो पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने इस इंटरव्यू पर आपत्ति की और इसे ब्रॉडकास्ट न करने की चेतावनी दे दी। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने कहा कि अगर ये इंटरव्यू चलेगा तो पाकिस्तान की टीम लंच ब्रेक के बाद मैदान पर नहीं लौटेगी। PCB ने इंटरव्यू रोकने की पूरी कोशिश की क्योंकि उसे डर था कि इमरान खान के बेटे कासिम और सुलेमान पाकिस्तान सरकार की पोल खोल देंगे।
पाकिस्तान की आपत्तियों के बावजूद स्काई स्पोर्ट्स ने लंच ब्रेक में 18 मिनट का पूरा इंटरव्यू दिखाया। मजे की बात ये है कि स्काई स्पोर्ट्स का इंटरव्यू पाकिस्तान के सरकारी टेलीविजन PTV पर भी चला। जैसे ही पाकिस्तानी अधिकारियों को इसकी जानकारी मिली, इंटरव्यू को बीच में रोका कर कमर्शियल चलाया गया। अब पाकिस्तान के यूट्यूबर्स कासिम और सुलेमान का मैसेज वीडियो बनाकर लोगों तक पहुंचाने में लग गए हैं।
इमरान खान के बेटों ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की सरकार इमरान खान को जान से मारने की कोशिश में लगी है। कासिम और सुलेमान के आरोप ऐसे समय में सामने आए हैं जब पाकिस्तान सरकार सुप्रीम कोर्ट के ऑर्डर के बावजूद इमरान खान को इलाज के लिए प्राइवेट हॉस्पिटल में शिफ्ट नहीं कर रही है। इमरान खान के दोनों बेटे सुलेमान और कासिम पहले भी कह चुके हैं कि पाकिस्तान के हुक्मरान उनके पापा को जान से मारना चाहते हैं।
जब सुलेमान और कासिम का इंटरव्यू पाकिस्तान के सरकारी चैनल पर दिखा तो लॉर्ड्स में बैठे पाकिस्तानियों के तोते उड़ गए। इमरान के दोनों बेटे इमरान की पहली पत्नी जमाइमा के साथ लंदन में रहते हैं। जिंदगी का काफी बड़ा हिस्सा उन्होंने पाकिस्तान में बिताया। इमरान के जेल जाने के बाद सुलेमान और कासिम ने कई बार पाकिस्तान जाने की कोशिश की। वे जेल में अपने वालिद से, अपने हीरो इमरान से मिलना चाहते थे लेकिन पाकिस्तान सरकार ने इजाजत नहीं दी। जनरल मुनीर को पता है, इमरान के बेटों को देख कर पाकिस्तान की जनता और भड़क जाएगी। इसीलिए लॉर्ड्स टेस्ट के दौरान उनके लाइव इंटरव्यू से पाकिस्तान की सरकार और फौज को इतनी मिर्ची लगी।
देखें: ‘आज की बात, रजत शर्मा के साथ’ 27 अगस्त, 2026 का पूरा एपिसोड