A
Hindi News भारत राष्ट्रीय Rajya Sabha Election Results 2026 LIVE: बिहार में NDA के पांचों उम्मीदवारों की जीत, नीतीश कुमार को 44 वोट मिले; ओडिशा में क्रॉस वोटिंग
Live now

Rajya Sabha Election Results 2026 LIVE: बिहार में NDA के पांचों उम्मीदवारों की जीत, नीतीश कुमार को 44 वोट मिले; ओडिशा में क्रॉस वोटिंग

राज्यसभा की 11 सीटों में से बिहार की पांच सीटों पर नतीजे घोषित हो गए हैं। इन पांचों सीटों इनमें बिहार की 5, ओडिशा की 4 और हरियाणा की 2 सीटें शामिल हैं। सभी पार्टियों की उम्मीदें क्रॉस-वोटिंग पर टिकी हैं इसलिए कई सीटों पर चौंकाने वाले नतीजे आ सकते हैं।

नीतीश कुमार और...- India TV Hindi Image Source : PTI नीतीश कुमार और उपेंद्र कुशवाहा।

देश के 3 राज्यों की 11 राज्यसभा सीटों के लिए आज वोटिंग हुई। नतीजे भी थोड़ी देर में घोषित कर दिए जाएंगे। दरअसल इस बार राज्यसभा की 37 सीटों के लिए चुनाव होना था जिसमें से 26 कैंडिडेट पहले ही निर्विरोध चुने जा चुके हैं। आज जिन तीन राज्यों में राज्यसभा के लिए वोटिंग हुई है उसमें बिहार की 5 सीट, हरियाणा की 2 सीट और ओडिशा की 4 सीट शामिल है। बिहार की 5 सीट के लिए चुनाव मैदान में 6 उम्मीदवार हैं तो वहीं, हरियाणा की 2 सीट के लिए 3 उम्मीदवार और ओडिशा की 4 सीट के लिए 5 उम्मीदवार हैं।

5वीं सीट पर असली जंग

NDA की ओर से नीतीश कुमार और नितिन नवीन समेत 5 उम्मीदवार मैदान में हैं। नीतीश कुमार, रामनाथ ठाकुर, नितिन नवीन और उपेंद्र कुशवाहा की जीत लगभग तय मानी जा रही है। लेकिन असली जंग 5वीं सीट पर है, जहां एनडीए के शिवेश कुमार राम और महागठबंधन के अमरेंद्रधारी सिंह उर्फ एडी सिंह आमने‑सामने हैं।

ओडिशा में चौथी सीट के लिए लड़ाई

क्रॉस वोटिंग के डर के बीच बिहार में कांग्रेस के 3 और RJD का एक विधायक वोट डालने नहीं पहुंचे। हरियाणा में निर्दलीय प्रत्याशी सतीश नांदल की वजह से सारे समीकरण बदले बदले नजर आ रहे हैं। अगर 9 विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की तो कांग्रेस का गणित बिगड़ सकता है इसलिए वोटिंग से पहले कांग्रेस अपने विधायको को लेकर हिमाचल चली गई थी। ओडिशा में बीजेपी के दो उम्मीदवारों और बीजेडी के एक उम्मीदवार की जीत पक्की है। लड़ाई चौथी सीट के लिए है। अगर ओडिशा में भी कांग्रेस के 8 विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की तो वहां भी मामला पलट सकता है।

हर 2 साल में चुनाव

बता दें कि एक तरफ जहां लोकसभा का कार्यकाल 5 वर्ष का होता है और उसे भंग भी किया जा सकता है, जबकि राज्यसभा एक स्थायी सदन है अर्थात यह कभी भी कार्य करना बंद नहीं करती। राज्यसभा के प्रत्येक सदस्य का कार्यकाल छह वर्ष का होता है, लेकिन सभी सदस्यों का कार्यकाल एक ही समय पर शुरू या समाप्त नहीं होता। इसके बजाय, प्रत्येक दो वर्ष में एक तिहाई सदस्य सेवानिवृत्त होते हैं। उनका कार्यकाल समाप्त होने पर, उन सीटों को भरने के लिए चुनाव होते हैं। यह प्रणाली सुनिश्चित करती है कि सदन में हमेशा अनुभवी सदस्य रहें और उसका कार्य सुचारू रूप से चलता रहे।

Latest India News

Live updates : Rajya Sabha Election Results 2026 LIVE

  • 9:38 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal

    ओडिशा कांग्रेस के नेता क्यों हैं हैरान?

    राज्यसभा चुनाव के नतीजों से ओडिशा कांग्रेस के नेता भी शॉक्ड हैं। कांग्रेस के नेताओं को सबसे ज्यादा हैरानी कटक की बाराबती सीट से विधायक सोफिया फिरदौस की क्रॉस वोटिंग से हुआ है। कांग्रेस नेता इस बात पर भरोसा नहीं कर पा रहे हैं कि एक युवा मुस्लिम विधायक ने बीजेपी के लिए वोटिंग की। भक्त चरण दास ने कहा कि बीजेपी का सपोर्ट करके कांग्रेस के इन विधायकों ने अपने पैर पर कुल्हाड़ी मारी है।

  • 9:37 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal

    तेजस्वी यादव ने कुबूल की हार

    जीत के आधिकारिक ऐलान में अभी वक्त लगेगा। लेकिन राजद नेता तेजस्वी यादव ने भी अपनी हार कुबूल की है। उन्होंने कहा है कि अगर हमारे सभी विधायकों ने वोट किया होता तो हम जीतते।

  • 9:37 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal

    तेजस्वी करते रहे इंतजार, नहीं पहुंचे विधायक

    बिहार के राज्यसभा चुनाव में मजे की बात ये है कि आज ओवैसी की पार्टी के सभी MLAs ने वादे के मुताबिक RJD के उम्मीदवार को वोट दिया लेकिन कांग्रेस के तीन विधायक और RJD के एक विधायक वोट डालने ही नहीं आए। कांग्रेस के विधायकों के फोन तो तीन दिन से not rechable थे। तेजस्वी यादव शाम चार बजे तक इंतजार करते रहे लेकिन चारों विधायक नहीं पहुंचे और second preference के वोटों की बदौलत शिवेश राम चुनाव जीत गए।

     

  • 9:36 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal

    बिहार में राज्यसभा चुनाव में विपक्ष का सफाया

    बिहार में राज्यसभा चुनाव में विपक्ष का सफाया हो गया है। NDA के पांचों उम्मीदवार चुनाव जीत गए। हालांकि NDA के चार उम्मदवारों की जीत तो पहले से तय थी इसलिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन, रामनाथ ठाकुर और उपेंद्र कुशवाहा पहली प्राथमिकता के वोट से जीत गए। सस्पेंस NDA के पांचवे उम्मीदवार शिवेश राम को लेकर था। शिवेश राम का मुकाबला RJD के सिटिंग राज्यसभा मेंबर अमरेंद्र धारी सिंह से था। जीत के लिए 41 विधायकों का सपोर्ट जरूरी था।

     

  • 9:10 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal

    विधानसभा पहुंचे नितिन नवीन, लिया जीत का सर्टिफिकेट

    भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन राज्यसभा चुनाव में जीत के बाद पटना स्थित विधानसभा भवन पहुंचे। उन्होंने यहां राज्यसभा चुनाव में जीत का सर्टिफिकेट लिया।

  • 9:09 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal

    जीत के बाद उपेंद्र कुशवाहा ने क्या कहा?

    राज्यसभा चुनाव में अपनी जीत के बाद NDA उम्मीदवार और राष्ट्रीय लोक मोर्चा प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने उनके पक्ष में वोट देने वाले सभी विधायकों का आभार जताया। उन्होंने X पर एक ट्वीट में लिखा, ''राज्यसभा सदस्य के रुप में फिर से एक बार निर्वाचित होने पर मैं उन सभी विधायक साथियों को धन्यवाद देते हुए उनके प्रति ह्रदयतल से आभार व्यक्त करता हूं जिन्होंने मुझे और नीतीश कुमार, नितिन नवीन, रामनाथ ठाकुर और शिवेश राम को अपना बहुमूल्य मत देकर जीत दिलाई है। यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, केन्द्रीय मंत्री जीतनराम मांझी, चिराग पासवान एवं एनडीए के अन्य सभी नेताओं के प्रति बिहार और देश की महान जनता की अटूट आस्था, विश्वास और आशीर्वाद, लाखों कार्यकर्ता साथियों के लगन और मेहनत की जीत है।''

  • 7:49 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal

    हरियाणा में 3 वोटों पर ऑब्जेक्शन, अभी तक काउंटिंग नहीं हुई शुरू

    हरियाणा राज्यसभा चुनाव की काउंटिंग 5 बजे शुरू नहीं हो पाई। तीन वोटों पर ऑब्जेक्शन लगने के बाद अभी तक काउंटिंग शुरू नहीं शुरू हुई। परमवीर सिंह ,भरत बेनीवाल और अनिल विज के वोट पर ऑब्जेक्शन लगा है और चुनाव आयोग से शिकायत की गई है। केंद्रीय चुनाव आयोग से फैसला आने के बाद ही काउंटिंग प्रक्रिया शुरू होगी। तीनों के वोट वैध माने जाएंगे या अवैध घोषित किए जाएंगे, इस पर सबकी नजर है। केंद्रीय चुनाव आयोग की अनुमति के बाद मतगणना शुरू होगी। (रिपोर्ट- पुनीत परिंजा)

     

  • 7:06 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal

    राजनीति में खरीद-फरोख्त का खेल चल रहा, यह ठीक नहीं- RJD नेता

    RJD नेता शक्ति सिंह यादव ने कहा, "हमारे पक्ष में 41 की संख्या थी और सत्ता पक्ष में 3 की संख्या कम थी, तो सत्ता और धन दोनों का इस्तेमाल स्वाभाविक है। सिर्फ बिहार नहीं आप ओडिशा में देखिए, वहां भी BJD के विधायकों को भाजपा ने पक्ष में कर लिया गया। राजनीति में खरीद-फरोख्त का जो खेल चल रहा है वह ठीक नहीं है। यह राजनीति कहां जा रही है? अगर नीतीश कुमार सचेत होते तो निर्विरोध चुनाव हो जाता, जो लोग आज नहीं आए उन्होंने अपनी राजनीतिक प्रतिबद्धता, समाज में अपनी पहचान खोई है।"

  • 6:56 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal

    नीतीश कुमार को कितने वोट मिले?

    बिहार राज्यसभा चुनाव में NDA के सभी पांचों उम्मीदवारों की जीत हुई है। नीतीश कुमार, रामनाथ ठाकुर, नितिन नवीन, उपेंद्र कुशवाहा और शिवेश कुमार राम की जीत हुई है। नीतीश कुमार को 44 वोट मिले हैं।

    Image Source : india tvबिहार में एनडीए के पांचों उम्मीदवारों की जीत हुई।

     

  • 6:04 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal

    कांग्रेस-BJD के 5 विधायकों ने बीजेपी समर्थित कैंडिडेट को दिया वोट

    ओडिशा में विपक्षी बीजेडी और कांग्रेस के कम से कम 5 विधायकों ने भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार दिलीप राय के पक्ष में मतदान किया। कांग्रेस के तीन विधायकों रमेश जेना, दशरथी गोमांगो और सोफिया फिरदौस ने भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार के पक्ष में मतदान किया। बीजेडी के बांकी विधायक देवी रंजन त्रिपाठी ने भी ऐलान किया कि उन्होंने भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार के पक्ष में वोट डाला है। बीजेडी के एक अन्य विधायक सौविक बिस्वाल की पत्नी डॉ. अनन्या प्रियदर्शनी ने भी दावा किया कि उनके पति ने राय के पक्ष में मतदान किया है।

  • 5:58 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal

    नीतीश कुमार, उपेंद्र कुशवाहा, नितिन नवीन की जीत पक्की

    बिहार में राज्यसभा चुनाव के लिए वोटिंग हो गई है और वोटों की गिनती जारी है। राज्यसभा चुनाव में महागठबंधन को बड़ा झटका लगा है। राज्यसभा चुनाव में NDA के पांचों उम्मीदवार की जीत तय मानी जा रही है क्योंकि महागठबंधन के विधायकों के क्रॉस वोटिंग की खबर है जिसका फायदा NDA को होगा। 

  • 5:51 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal

    हमारी जीत तय है- जेडीयू विधायक विनय कुमार चौधरी

    राज्यसभा चुनावों पर JDU विधायक विनय कुमार चौधरी ने कहा, "4 विधायक (विपक्ष के) मौजूद नहीं थे। वे (विपक्ष) ही बताएंगे कि वे अनुपस्थित क्यों थे। हमारी जीत तय है।"

     

  • 5:34 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal

    'NDA ने अगवा कर लिया है', अनट्रेस कांग्रेसी विधायकों पर बोले तेजस्वी

    राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि वो झुकने में विश्वास नहीं रखते इसलिए वो डटकर लड़ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि AIMIM और BSP का उन्हें समर्थन हासिल है। वहीं जब तेजस्वी यादव से अनट्रेस कांग्रेसी विधायकों के बारे में सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि लगता है एनडीए ने अगवा कर लिया है। वहीं, बीजेपी नेता रविशंकर प्रसाद ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि उनके तो कोई विधायक नजर तक नहीं आ रहे हैं, ऐसी पार्टी से क्या उम्मीद की जाए।

     

  • 5:12 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal

    ओडिशा में क्रॉस वोटिंग को लेकर सत्तापक्ष और विपक्ष आमने-सामने

    ओडिशा में राज्यसभा चुनाव का मतदान अब बेहद रोचक मोड़ पर पहुंच गया है। मतदान के दौरान विधानसभा के अंदर जोरदार हंगामे की खबर सामने आई है। सत्तापक्ष और विपक्ष के नेताओं के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। जानकारी के अनुसार, विधायक नव मलिक को लेकर दोनों पक्षों के बीच काफी खींचतान हुई। यह भी चर्चा है कि नव मलिक ने क्रॉस वोटिंग की है, जिससे राजनीतिक माहौल और गर्म हो गया है।

    ओडिशा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भक्त चरण दास ने साफ तौर पर कहा है कि पार्टी के तीन विधायकों ने दल के व्हिप का उल्लंघन करते हुए क्रॉस वोटिंग की है। उनके अनुसार, कांग्रेस विधायक दाशरथी गमांग, सोफिया फिरदोस और रमेश जेना ने पार्टी लाइन से हटकर मतदान किया है। इसके अलावा कुछ अन्य विधायकों के नाम भी क्रॉस वोटिंग की चर्चा में सामने आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि सुभासिनी, सना महाकुड़ और अरविंद महापात्रा ने भी क्रॉस वोटिंग की हो सकती है। हालांकि इस पर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है। (यहां पढ़ें पूरी खबर)

  • 4:56 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal

    NDA उम्मीदवार शिवेश राम ने बताई जीत की वजह

    बिहार में एनडीए के उम्मीदवार रामनाथ ठाकुर ने कहा,  ''केंद्रीय नेतृत्व को मैं बधाई देना चाहता हूं, कृतज्ञता प्रकट करना चाहता हूं। मेरे जैसे छोटे आदमी को 1988 से एमएलसी के रूप में, कभी विधायक, तीन बार राज्यसभा भेजने का काम किया।''

    वहीं, शिवेश राम ने कहा, पहले दिन से ही एनडीए गठबंधन के 202 विधायक थे और इंडी गठबंधन के 35 विधायक। कोई कंफ्यूजन नहीं था, हम काफी यूनाइटेड थे, एकजुट थे इसलिए हमें भरोसा था कि हम जीतेंगे। द्वितीय वरीयता का वोट हमारे पास आया है, वह महागठबंधन के पास नहीं था, यह जीत का कारण बना। (रिपोर्ट- नीतीश चंद्रा)

  • 4:47 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal

    ओडिशा में कांग्रेस विधायकों ने कर दिया खेला!

    ओडिशा में राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी माहौल काफी गर्म हो गया है। मतदान के दौरान कांग्रेस विधायकों की  क्रॉस वोटिंग की खबर सामने आने से राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इस पूरे मामले की जानकारी ओडिशा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भक्त चरण दास ने दी है। रमेश जेना, सोफिया फिरदौस और दासरथी गोमांगो ने क्रॉस वोटिंग की है।

    राज्य से राज्यसभा की चार सीटों के लिए कुल पांच उम्मीदवार मैदान में हैं। भाजपा ने मनमोहन सामल और सुजीत कुमार को उम्मीदवार बनाया है। बीजद की ओर से संतृप्त मिश्रा चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं निर्दलीय उम्मीदवार दिलीप राय को भाजपा का समर्थन मिला है। दूसरी तरफ डॉ. दत्तेश्वर होता बीजद और कांग्रेस के संयुक्त उम्मीदवार हैं, जिन्हें भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) का भी समर्थन प्राप्त है।

  • 4:34 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal

    NDA के सभी 5 उम्मीदवारों की जीत तय

    सूत्रों के अनुसार NDA के सभी 5 उम्मीदवारों की जीत तय है। द्वितीय वरीयता के मत के आधार पर 5वें उम्मीदवार को जीत मिली। शिवेश राम NDA के 5वें उम्मीदवार हैं। शिवेश राम ने इंडिया टीवी से बातचीत में बताया कि द्वितीय वरीयता के वोट से बढ़त मिली है।

  • 4:28 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal

    बिहार में महागठबंधन को बड़ा झटका

    बिहार में राज्यसभा चुनाव में महागठबंधन को बड़ा झटका लगा है, क्योंकि उसके चार विधायकों ने वोट नहीं डाला। फैसल रहमान (RJD) ने वोट नहीं डाला, जबकि कांग्रेस के तीन विधायक मनोहर प्रसाद, सुरेंद्र कुशवाहा और मनोज विश्वास ने भी मतदान नहीं किया। 

  • 4:25 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal

    ओडिशा में 10 विधायकों ने की क्रॉस वोटिंग

    ओडिशा में राज्यसभा चुनावों के दौरान बीजू जनता दल (BJP) में नवीन पटनायक के खिलाफ बगावत देखने को मिली। यहां कांग्रेस पार्टी में भी ऐसा ही हुआ है। रिपोर्ट्स के अनुसार, ओडिशा राज्यसभा चुनाव में लगभग 10 विपक्षी विधायकों ने 'क्रॉस वोटिंग' की। इनमें से, पांच बीजू जनता दल और तीन कांग्रेस विधायकों ने दिलीप रे के पक्ष में क्रॉस वोटिंग की।

     

  • 4:20 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal

    वोटिंग खत्म, नतीजे कब?

    राज्यसभा की 11 सीटों के लिए आज वोटिंग हुई। इनमें बिहार की 5, ओडिशा की 4 और हरियाणा की 2 सीटें शामिल हैं। वोटिंग सुबह 4 बजे शुरू हो गई थी और नतीजे भी आज शाम तक घोषित कर दिए जाएंगे। देशभर में इस बार राज्यसभा की 37 सीटों पर चुनाव प्रक्रिया चली, जिनमें से 26 उम्मीदवार पहले ही निर्विरोध चुने जा चुके हैं।