A
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. 3 दिन तक ‘डिजिटल अरेस्ट’ के बाद हार्ट अटैक, रिटायर्ड महिला डॉक्टर की मौत के बाद भी कॉल करते रहे स्कैमर्स

3 दिन तक ‘डिजिटल अरेस्ट’ के बाद हार्ट अटैक, रिटायर्ड महिला डॉक्टर की मौत के बाद भी कॉल करते रहे स्कैमर्स

तीन दिनों तक 76 वर्षीय एक रिटायर्ड सरकारी डॉक्टर को परेशान किया और धमकियां दी, जिससे उनकी दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। महिला से 6.60 लाख रुपये ठगने वाले आरोपियों ने उनकी मौत के बाद भी उन्हें संदेश भेजना जारी रखा।

प्रतीकात्मक तस्वीर- India TV Hindi
Image Source : PTI प्रतीकात्मक तस्वीर

तेलंगाना के हैदराबाद में साइबर जालसाजों ने कानून प्रवर्तन अधिकारी बनकर तीन दिनों तक 76 वर्षीय एक रिटायर्ड सरकारी डॉक्टर को परेशान किया और धमकियां दी, जिससे उनकी दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि पांच से आठ सितंबर के बीच महिला से 6.60 लाख रुपये ठगने वाले आरोपियों ने आठ सितंबर को उनकी मौत के बाद भी उन्हें संदेश भेजना जारी रखा।

पुलिस के मुताबिक, मृतका के कॉल रिकॉर्ड देखने के बाद उनके बेटे ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और आरोप लगाया कि परिवार को ‘डिजिटल अरेस्ट’ और इस साइबर ठगी के संभावित मामले का पता चला, जिसकी वजह से उनकी मां की असामयिक मृत्यु हुई। 

व्हाट्सऐप कॉल से ऐसे शुरू हुआ मामला

पुलिस ने बताया कि मुख्य वरिष्ठ रेजिडेंट चिकित्सा अधिकारी के पद से सेवानिवृत्त महिला से जालसाजों ने 5 सितंबर को एक ‘मैसेजिंग ऐप’ के जरिए संपर्क किया। व्हाट्सऐप पर जिस आईडी से संपर्क किया गया था उसकी 'डिस्प्ले पिक्चर' में बेंगलुरु पुलिस का लोगो लगा हुआ था।

पुलिस ने बताया कि फोन करने वाले ने एक फर्जी ‘जांच रिपोर्ट’ साझा की, जिसमें महिला के आधार विवरण का उल्लेख था और उसे तथाकथित मानव तस्करी के मामले में झूठा फंसाया गया था। पुलिस के मुताबिक, अगले तीन दिनों तक महिला को बार-बार वीडियो कॉल की गईं और सुप्रीम कोर्ट, कर्नाटक पुलिस विभाग, ED, RBI के कथित तौर पर फर्जी दस्तावेज़ दिखाकर परेशान किया गया।

पेंशन खाते से 6.6 लाख रुपये धोखेबाजों ने अपने खाते में डलवाए

पुलिस ने बताया कि महिला पर राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत मुकदमा चलाने की धमकी दी गई और बैंक के पेंशन खाते से 6.6 लाख रुपये उन्होंने (धोखेबाजों ने) अपने खाते में डलवाये गए। पुलिस के मुताबिक, रुपये भेजने के बाद महिला को ‘ट्रांजेक्शन स्लिप’ साझा करने के लिए मजबूर किया गया और उन्हें उसके बाद भी फर्जी नोटिस/आदेश भेजे गए और लगातार परेशान किया गया।

मानसिक पीड़ा, धमकियों के कारण आया हार्ट अटैक

शिकायतकर्ता ने बताया कि आरोपियों द्वारा लगातार मानसिक पीड़ा, धमकियों और जबरन वसूली के कारण, उसकी मां को आठ सितंबर की सुबह सीने में तेज दर्द की शिकायत हुई और उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां दिल का दौरा पड़ने से उनकी मौत हो गई। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर आईटी अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। (भाषा इनपुट्स के साथ)

यह भी पढ़ें-

लखनऊ में रिटायर्ड IAS से 12 लाख रुपए की ठगी, साइबर ठगों ने खुद को पुलिस अधिकारी बताकर डिजिटल अरेस्ट किया

बुजुर्ग दंपत्ति को साइबर ठगों ने किया डिजिटल अरेस्ट, लूट लिए 2.4 करोड़ रुपये

Latest India News