मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर से केरल के कोच्चि आ रही बाटिक एयर की एक फ्लाइट में एक बड़ा हादसा टल गया। उड़ान के दौरान एक यात्री ने कथित तौर पर इमरजेंसी एग्जिट विंडो का पैनल तोड़ दिया और इमरजेंसी एग्जिट का दरवाजा जबरदस्ती खोलने की कोशिश की। इस घटना के दौरान यात्रियों और क्रू के बीच बुरी तरह से अफरा-तफरी मच गई। आखिरकार 36 साल के आरोपी को केबिन क्रू और साथ में सफर कर रहे यात्रियों ने काबू में किया। इस घटना ने सभी लोगों को हैरान कर के रख दिया है।
क्या है पूरा मामला?
FIR और पुलिस की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना तब हुई जब विमान रात लगभग 9.30 बजे से 11.05 बजे के बीच कोच्चि की ओर जा रहा था। सीट 12A पर बैठे जमशीर ने कथित तौर पर अजीब हरकतें शुरू कर दीं और फिर जोर से लात मारकर इमरजेंसी एग्जिट विंडो का पैनल तोड़ दिया। पुलिस ने बताया कि इसके बाद उसने इमरजेंसी एग्जिट दरवाजा खोलने की कोशिश की, जबकि उसे पता था कि उसकी इन हरकतों से विमान और उसमें सवार सभी लोगों की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है। केबिन क्रू और साथ यात्रा कर रहे यात्री तुरंत उसे काबू करने के लिए दौड़े। लेकिन, आरोप है कि उसने उन्हें धक्का दिया और जुबानी धमकियां दीं, जिससे विमान के अंदर अफरातफरी मच गई। आखिरकार उसे काबू कर लिया गया।
आरोपी की पहचान सामने आई
कोचीन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर विमान के सुरक्षित उतरने के तुरंत बाद CISF के जवानों ने आरोपी शख्स को हिरासत में ले लिया है। आरोपी की पहचान जमशीर अथानिक्कल (उम्र 36 वर्ष) के तौर पर हुई है, जो पालक्काड़ का रहने वाला है और अभी श्रीमूलनगरम में रहता है। बाद में उसे नेडुम्बसेरी पुलिस को सौंप दिया गया, जिसने उसे गिरफ्तार कर लिया। बता दें कि यह पूरी घटना बुधवार रात को कुआलालंपुर से कोच्चि जा रही बाटिक एयर की फ्लाइट OD231 (बोइंग 737) में हुई है। इस पूरी घटना के दौरान विमान में बड़ी अनहोनी हो सकती थी। आपको बता दें कि हाल ही में एयर इंडिया की फ्लाइट में जबरदस्त एयर टर्बुलेंस हुआ था, इस कारण कई यात्री चोटिल हो गए थे।
पुलिस ने क्या बताया?
नेडुम्बासेरी पुलिस स्टेशन के एक सीनियर अधिकारी ने बताया कि "जब विमान हवा में था, तब उसने अपने पैर से इमरजेंसी ग्लास/विंडो पैनल को तोड़ दिया। इसके बाद उसने इमरजेंसी एग्जिट दरवाजा खोलने की कोशिश की। केबिन क्रू और सिक्योरिटी स्टाफ को उसे काबू करने और एग्जिट से दूर खींचने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। उसने ऐसा क्यों किया इसकी जानकारी अभी तक नहीं मिल पाई है, पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
ये भी पढे़ं- मुंबई एयरपोर्ट पर टल गया बड़ा हादसा, रनवे पर आमने-सामने आ गए एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस के विमान
लंदन जा रही एयर इंडिया की फ़्लाइट तकनीकी खराबी के बाद दिल्ली लौटी, सऊदी अरब से लिया यू-टर्न
Latest India News