1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. मुंबई एयरपोर्ट पर टल गया बड़ा हादसा, रनवे पर आमने-सामने आ गए एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस के विमान

मुंबई एयरपोर्ट पर टल गया बड़ा हादसा, रनवे पर आमने-सामने आ गए एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस के विमान

 Published : Jul 08, 2026 01:07 pm IST,  Updated : Jul 08, 2026 03:39 pm IST

मुंबई एयरपोर्ट पर मंगलवार की रात बड़ा हादसा टल गया। एयरपोर्ट के रनवे पर एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस के विमान आमने-सामने आ गए। आइए जानते हैं इस पूरे मामले के बारे में।

mumbai airport air india planes accident- India TV Hindi
मुंबई एयरपोर्ट पर आमने-सामने आए एयर इंडिया के विमान। Image Source : PTI

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा यानी मुंबई एयरपोर्ट पर मंगलवार की रात को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया है। सामने आई जानकारी के अनुसार, मुंबई एयरपोर्ट पर एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस के दो विमान एक ही रनवे पर आमने-सामने आ गए। आखिर ये हादसा टला कैसे? आइए जानते हैं इसके बारे में।

क्या है पूरा मामला?

सूत्रों की ओर से सामने आई जानकारी के अनुसार, मुंबई एयरपोर्ट पर ये पूरी घटना मंगलवार को रात करीब 10 बजे हुई है। एयर इंडिया एक्सप्रेस के विमान (उड़ान संख्या AIX1547) ने लैंड किया था लेकिन लैंडिंग के बाद रनवे से हटा नहीं था। इसी दौरान दिल्ली जाने वाला एयर इंडिया का विमान (उड़ान संख्या AI816) उसी रनवे से उड़ान भरने की तैयारी कर रहा था।

कैसे टला हादसा?

एक ही रनवे पर एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस के दो विमानों के आमने-सामने आने की स्थिति को देखते हुए एयरपोर्ट के एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने निर्देश जारी किया जिसके बाद एयर इंडिया के विमान ने टेक ऑफ की प्रक्रिया को रोक दिया। इस कारण एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया।

एयर इंडिया ने क्या कहा?

इस पूरी घटना को लेकर एयर इंडिया के प्रवक्ता ने भी बयान दिया है। प्रवक्ता ने कहा कि ATC के निर्देश के बाद उड़ान भरने की प्रक्रिया रोक दी गई। हालांकि, इस बारे में कोई भी डिटेल जानकारी नहीं दी गई है। एयर इंडिया के प्रवक्ता ने कहा, ''7 जुलाई को मुंबई से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट AI816 के चालक दल ने ATC से निर्देश मिलने के बाद उड़ान भरने की प्रक्रिया रोक दी और विमान को वापस 'बे' में ले आए।'' 

यात्रियों के लिए एडवाइजरी

दूसरी ओर एयर इंडिया ने दिल्ली और मुंबई के अपने यात्रियों के लिए जरूरी एडवाइजरी जारी कर दी है। एयर इंडिया ने कहा- "खराब मौसम की वजह से दिल्ली आने-जाने वाली फ्लाइट्स पर असर पड़ सकता है। यात्रा में कोई परेशानी न हो, इसके लिए हम यात्रियों को सलाह देते हैं कि वे एयरपोर्ट जाने से पहले फ्लाइट्स का लेटेस्ट स्टेटस चेक कर लें।" एयर इंडिया ने ये भी कहा है कि मुंबई में खराब मौसम की वजह से दिल्ली और मुंबई में फ्लाइट ऑपरेशन पर असर पड़ सकता है। इसलिए यात्री अपनी फ्लाइट का स्टेटस ऑनलाइन चेक कर लें। (इनपुट: भाषा)

ये भी पढ़ें- दिल्ली में जोरदार बारिश, एयर इंडिया ने यात्रियों के लिए जारी की एडवाइजरी

एयर इंडिया ने जारी की जरूरी एडवाइजरी, मुंबई में भारी बारिश की वजह से सेवाएं प्रभावित होने की संभावना

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।