1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. दिल्ली में जोरदार बारिश, एयर इंडिया ने यात्रियों के लिए जारी की एडवाइजरी

दिल्ली में जोरदार बारिश, एयर इंडिया ने यात्रियों के लिए जारी की एडवाइजरी

 Written By: Sunil Chaurasia
 Published : Jul 07, 2026 02:49 pm IST,  Updated : Jul 07, 2026 02:50 pm IST

एयर इंडिया ने कहा है कि दिल्ली का मौसम खराब हो गया है। जिसकी वजह से यहां आने और जाने वाली फ्लाइट्स पर असर पड़ सकता है।

delhi rain, air india, igi airport, delhi airport, delhi weather- India TV Hindi
एयर इंडिया ने जारी की एडवाइजरी Image Source : PTI

मंगलवार को देश की राजधानी दिल्ली समेत एनसीआर के कई इलाकों में दोपहर को जोरदार बारिश ने गर्मी से बड़ी राहत दी है। इसी बीच, टाटा ग्रुप की एयरलाइन कंपनी एयर इंडिया ने अपने यात्रियों के लिए एक जरूरी एडवाइजरी जारी कर दी है। एयर इंडिया ने कहा है कि दिल्ली का मौसम खराब हो गया है। जिसकी वजह से यहां आने और जाने वाली फ्लाइट्स पर असर पड़ सकता है।

यात्रियों को फ्लाइट का लेटेस्ट स्टेटस चेक करने की सलाह

एयर इंडिया ने दोपहर 02.27 बजे किए गए अपनी पोस्ट में लिखा, ''खराब मौसम की वजह से दिल्ली आने-जाने वाली फ्लाइट्स पर असर पड़ सकता है। यात्रा में कोई परेशानी न हो, इसके लिए हम यात्रियों को सलाह देते हैं कि वे एयरपोर्ट जाने से पहले फ्लाइट्स का लेटेस्ट स्टेटस चेक कर लें।

अगले 5 दिनों तक दिल्ली-एनसीआर में बारिश का अनुमान

बताते चलें कि मंगलवार को दोपहर के समय दिल्ली समेत आसपास के कई इलाकों में तेज बारिश शुरू हो गई। इस बारिश ने दिल्ली और एनसीआर में रहने वाले लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत दी है। बताते चलें कि मौसम विज्ञान विभाग ने अगले 5 दिनों में दिल्ली-एनसीआर में और बारिश और आंधी-तूफान का अनुमान जताया है।

दिल्ली-एनसीआर में आंधी-तूफान और तेज हवाएं चलने की संभावना

IMD ने अपने अनुमान में कहा कि अगले कुछ दिनों में दिल्ली-एनसीआर में आसमान में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश, आंधी-तूफान और तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक इस दौरान दिल्ली का तापमान 32 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।

दिल्ली-एनसीआर के किस जिले का कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग की ओर से दिल्ली-एनसीआर के लिए जारी जिले-वार मौसम के अनुमान के अनुसार, 7 जुलाई को सभी 15 जिलों में मौसम एक जैसा रहेगा। इन जिलों में नॉर्थ दिल्ली, साउथ दिल्ली, नई दिल्ली, सेंट्रल दिल्ली, ईस्ट दिल्ली, वेस्ट दिल्ली, नॉर्थ वेस्ट दिल्ली, नॉर्थ ईस्ट दिल्ली, साउथ वेस्ट दिल्ली, साउथ ईस्ट दिल्ली, शाहदरा और NCR के जिले फरीदाबाद, गुरुग्राम, नोएडा और गाजियाबाद शामिल हैं।

7, 8 और 9 जुलाई के लिए जारी हुआ 'येलो' अलर्ट 

IMD ने 7, 8 और 9 जुलाई के लिए 'येलो' अलर्ट जारी किया है। 7 जुलाई को आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहने और कई जगहों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश और कुछ जगहों पर मध्यम बारिश होने का अनुमान है। इसके साथ ही आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और दोपहर के समय 30-40 किमी/घंटा (तेज झोंकों के साथ 50 किमी/घंटा तक) की रफ्तार से तज़ हवाएं चलने की भी संभावना है।

ये भी पढ़ें-

मुंबई-पुणे के बीच चलने वाली कई ट्रेनें आज भी रद्द, भारी बारिश ने मचाई तबाही

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा