1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. साबरमती नदी पर 480 मीटर लंबा और 36 मीटर ऊंचा पुल तैयार, बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट को लेकर आई गुड न्यूज

साबरमती नदी पर 480 मीटर लंबा और 36 मीटर ऊंचा पुल तैयार, बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट को लेकर आई गुड न्यूज

 Written By: Sunil Chaurasia
 Published : Oct 04, 2026 03:40 pm IST,  Updated : Oct 04, 2026 03:40 pm IST

ये पुल पश्चिम रेलवे की अहमदाबाद-दिल्ली मुख्य रेल लाइन के पास स्थित है, जो जमीन के स्तर से करीब 14.8 मीटर की ऊंचाई पर है।

bullet train project, mumbai ahmedabad bullet train project, NHSRCL, sabarmati river- India TV Hindi
सांकेतिक तस्वीर Image Source : PIXABAY

नेशनल हाई स्पीड रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (NHSRCL) ने शनिवार को कहा कि मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट के तहत साबरमती नदी पर 480 मीटर लंबा और 36 मीटर ऊंचा पुल बनकर तैयार हो गया है। NHSRCL ने एक प्रेस रिलीज में कहा कि करीब 118 फुट ऊंचा ये पुल 12 मंजिला इमारत के बराबर है और मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर के प्रमुख ढांचों में से एक है।

अहमदाबाद-दिल्ली मुख्य रेल लाइन के पास स्थित है पुल

प्रेस रिलीज में कहा गया है कि ये पुल पश्चिम रेलवे की अहमदाबाद-दिल्ली मुख्य रेल लाइन के पास स्थित है, जो जमीन के स्तर से करीब 14.8 मीटर की ऊंचाई पर है। ये पुल साबरमती और अहमदाबाद बुलेट ट्रेन स्टेशनों के बीच स्थित है। ये साबरमती स्टेशन से करीब एक किलोमीटर और अहमदाबाद स्टेशन से 4 किलोमीटर दूर है। रिलीज के अनुसार, मौजूदा इंफ्रा से जरूरी वर्टिकल दूरी बनाए रखने के लिए साबरमती नदी पुल के पिलरों को ज्यादा ऊंचाई के साथ डिजाइन किया गया है।

पुल को 8 गोलाकार पिलर का दिया गया है सपोर्ट

नेशनल हाई स्पीड रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड ने बताया कि पुल को 8 गोलाकार पिलर का सपोर्ट दिया गया है। इनमें से 4 पिलर नदी की तलहटी में, 2 पिलर नदी के दोनों किनारों पर और 2 पिलर नदी के किनारों से बाहर स्थित हैं। पिलर को रणनीतिक तरीके से इस तरह लगाया गया है कि नदी में जल प्रवाह में कम से कम रुकावट हो।

बैलेंस्ड कैंटिलीवर मेथड से किया गया है पुल का निर्माण

NHSRCL ने कहा कि पुल का निर्माण 'बैलेंस्ड कैंटिलीवर मेथड' से किया गया है। ये नदियों और गहरे जलमार्गों पर लंबी दूरी वाले पुलों के निर्माण के लिए इस्तेमाल की जाने वाली स्पेशल टेक्नोलॉजी है। इस टेक्नोलॉजी से पुल के ऊपरी ढांचे के नीचे पारंपरिक मचान लगाए बिना उसका निर्माण किया जा सकता है। 

पूरा हो चुका है 18 पुलों का काम

प्रेस रिलीज में कहा गया है कि मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल (MAHSR) का रूट कई मौजूदा बुनियादी ढांचा सुविधाओं से होकर गुजरता है, जिनमें फ्लाईओवर, पुल, रेलवे लाइन और मेट्रो कॉरिडोर शामिल हैं। रिलीज के अनुसार, इस कॉरिडोर में नदी पर कुल 25 पुल हैं, जिनमें 21 गुजरात और 4 महाराष्ट्र में हैं। गुजरात में प्रस्तावित 21 नदी पुलों में से अब तक 18 का निर्माण पूरा हो चुका है।

ये भी पढ़ें

Jio Platforms लाएगा देश का सबसे बड़ा IPO, 21 अक्टूबर को खुल सकता है 3.8 बिलियन डॉलर का इश्यू

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा।