आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले में एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां रविवार की शाम को भारी बारिश के कारण एक तेज रफ्तार इनोवा कार अनियंत्रित होकर दूर तक फिसल गई। इसके बाद वह दूसरी लेन में आ रही एक लॉरी से जाकर टकरा गई। हादसे का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि इस हादसे में किसी की मौत नहीं हुई है, लेकिन कार में सवार कई लोग घायल हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक ये सभी लोग जगन्नाथ मंदिर में पूजा करके लौट रहे थे।
बारिश की वजह से बढ़ गई थी फिसलन
दरअसल, ये हादसा रविवार की शाम को हुआ था। यहां श्रीकाकुलम जिले के पलासा में हुए इस हादसे में कई लोगों को गंभीर चोटें लगी हैं। जानकारी के मुताबिक हादसे के वक्त तेज बारिश हो रही थी, जिससे रोड पर फिसलन बढ़ गई थी। इसी दौरान नेमाली नारायण पुरम के पास नेशनल हाइवे पर तेज रफ्तार इनोवा कार अचानक अनियंत्रित हो गई। वहीं कार अनियंत्रित होने के बाद रोड पर फिसलने लगी और डिवाइडर पार करके दूसरी लेन में जा घुसी। इसी दौरान सामने से आ रही एक लॉरी से इनोवा की जोरदार टक्कर हो गई।
डिवाइडर पार करके लॉरी से टकराई कार
वहीं लॉरी से टकराने के बाद और ड्राइवर के वाहन पर नियंत्रण खो देने के कारण कार सड़क से नीचे उतर गई। इस दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोग घायल बताए जा रहे हैं, जिनमें से दो की हालत गंभीर है। गनीमत रही कि कार में सवार किसी भी व्यक्ति की मौत नहीं हुई है। हादसे के दौरान कार में सवार घायलों की पहचान ओडिशा के गजपति जिले के रहने वाले के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक परलाखेमुंडी निवासी अच्युतानंद (36) और मुकेश पाणिग्राही (35) गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि अमूल्य पात्रो (44) को मामूली चोटें आई हैं। ये सभी घायल लोग जगन्नाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करके पुरी से लौट रहे थे, तभी पलासा में राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-16) पर यह दुर्घटना हो गई।
यह भी पढ़ें-
गुरुग्राम में सड़क बनी जंग का मैदान, लड़ाई के बाद आपस में स्कॉर्पियो लड़ाते नजर आए दोस्त, कई बार मारी टक्कर; VIDEO वायरल
Latest India News