A
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. टैक्सी चालक को मारकर जंगल में फेंका, मरा समझ छोड़ गए, दो दिन बाद मिला जिंदा; 2 अरेस्ट

टैक्सी चालक को मारकर जंगल में फेंका, मरा समझ छोड़ गए, दो दिन बाद मिला जिंदा; 2 अरेस्ट

आरोपी, चालक को मृत समझकर जंगल में फेंक कर फरार हो गए थे, लेकिन पुलिस की तत्परता ने सिर्फ चालक की जान ही नहीं बचाई, बल्कि दोनों आरोपियों को सलाखों के पीछे भी पहुंचा दिया।

दोनों आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT दोनों आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले से एक दिल दहला देने वाला सामने आया है। यहां एक टैक्सी चालक पर जानलेवा हमला कर उसे जंगल में मृत समझकर छोड़ दिया गया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से चालक की जान बच गई और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस थाना माझीण में 19 अप्रैल को गांव पड़ेला, डाकघर टिहरी निवासी प्रताप सिंह ने शिकायत दर्ज करवाई कि उनके बड़े भाई मेहर सिंह, जो पेशे से टैक्सी चालक हैं, 17 अप्रैल को टैक्सी लेकर घर से निकले थे, लेकिन दो दिन तक वापस नहीं लौटे।

युवकों ने टैक्सी को किराए पर लिया था

शिकायत मिलते ही पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान सामने आया कि 17 अप्रैल को दोपहर करीब 1:30 बजे दो युवकों ने टैक्सी चालक को गगरेट के लिए किराए पर लिया था। आरोपियों की पहचान अमित कौशल (23) और सुरेश कुमार (19) के रूप में हुई है, जो टिहरी क्षेत्र के निवासी हैं।

प्रारंभिक जांच में पता चला कि कालोहा के पास किसी बात को लेकर आरोपियों और चालक के बीच विवाद हो गया। इसके बाद आरोपियों ने चालक को सुनसान रास्ते की ओर ले जाकर चाकू से हमला किया और रस्सी से गला दबाकर उसकी हत्या करने की कोशिश की। चालक को मृत समझकर आरोपी उसे जंगल में फेंककर फरार हो गए।

19 अप्रैल को जंगल में मिला चालक

पुलिस ने तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर 19 अप्रैल को चालक को जंगल से गंभीर हालत में बरामद किया गया। घायल चालक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज, टांडा रेफर किया गया है। 

पुलिस ने घटनास्थल को सील कर फॉरेंसिक जांच शुरू कर दी है। दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

(रिपोर्ट- कपिल ठाकुर)

ये भी पढ़ें-

रील के लिए कर रहे थे स्टंट, 120 की रफ्तार पर 3 को मौत ने दबोचा; हादसे का लाइव वीडियो VIDEO वायरल

दिल्ली: कमरे के अंदर संदिग्ध हाल में मिला विवाहिता का शव, 3 महीने पहले हुई थी शादी

Latest India News