1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. 'भोपाल में निष्पक्ष सुनवाई मुश्किल', ट्विषा शर्मा की मौत के केस में CBI का सुप्रीम कोर्ट में बयान

'भोपाल में निष्पक्ष सुनवाई मुश्किल', ट्विषा शर्मा की मौत के केस में CBI का सुप्रीम कोर्ट में बयान

ट्विषा शर्मा की मौत के मामले में CBI ने सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दाखिल कर के बड़ी बात कही है। CBI ने सुप्रीम कोर्ट में कहा है कि इस पूरे मामले में भोपाल में निष्पक्ष सुनवाई मुश्किल है।

bhopal Twisha Sharma death case cbi supreme court- India TV Hindi
Image Source : REPORTER/PTI ट्विषा शर्मा की मौत के मामले में बड़ा अपडेट।

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में पूर्व मॉडल ट्विषा शर्मा की मौत के मामले में CBI ने सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दाखिल किया है। इस हलफनामे में CBI ने एक बड़ा दावा कर दिया है। CBI ने कहा है कि भोपाल में इस मामले की निष्पक्ष सुनवाई होना मुश्किल हो सकता है। एजेंसी के मुताबिक, मामले की मुख्य आरोपी और ट्विषा की सास गिरिबाला सिंह का प्रभाव ट्रायल को प्रभावित कर सकता है। बता दें कि गिरिबाला सिंह पूर्व जिला जज रह चुकी हैं।

गवाहों पर दबाव डालने की आशंका- CBI

CBI ने अपने हलफनामे में कहा है कि गिरिबाला सिंह के प्रभाव के कारण निचली अदालत की सुनवाई प्रभावित होने और गवाहों पर दबाव डालने की आशंका है। जांच एजेंसी ने यह भी कहा कि मामले की गंभीरता इस बात से पता चलती है कि घटना के बाद गिरिबाला सिंह ने कथित तौर पर घटनास्थल को अपने हिसाब से संभालने और सबूतों से छेड़छाड़ करने की कोशिश की। CBI के मुताबिक, ऐसे कई मामले भी सामने आए हैं, जिनसे राज्य पुलिस की जांच में गिरिबाला सिंह के कथित दखल का पता चलता है।

ट्विषा के पिता ने की है ट्रायल ट्रांसफर की मांग

ट्विषा के पिता ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल कर मामले की सुनवाई मध्य प्रदेश से बाहर कराने की मांग की थी। उन्होंने इसके लिए दिल्ली को प्राथमिकता दी है। उनका कहना है कि पूर्व जिला जज होने के कारण गिरिबाला सिंह का स्थानीय स्तर पर प्रभाव हो सकता है, जिससे निष्पक्ष सुनवाई प्रभावित होने की आशंका है। CBI के हलफनामे को ट्विषा के पिता की उस मांग के समर्थन के तौर पर देखा जा रहा है, जिसमें उन्होंने मामले को मध्य प्रदेश से बाहर ट्रांसफर करने की मांग की है। अब CBI के इस हलफनामे के बाद मामले की सुनवाई को मध्य प्रदेश से बाहर ट्रांसफर करने की मांग अहम हो गई है।

CBI ने दाखिल की थी 636 पन्नो की चार्जशीट

इससे पहले CBI ने समर्थ और गिरिबाला सिंह के खिलाफ 636 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की थी और दहेज हत्या के आरोप लगाए थे। आपको बता दें कि पूर्व मॉडल ट्विशा शर्मा 12 मई को भोपाल में अपने ससुराल में संदिग्ध हालात में मृत पाई गई थी। ट्विशा शर्मा की मौते के मामले में आरोपी पति समर्थ सिंह और सास  गिरिबाला सिंह को गिरफ्तार किया गया था। ट्विशा के पति समर्थ वकील हैं, जबकि उनकी मां गिरिबाला पूर्व डिस्ट्रिक्ट जज हैं। मध्य प्रदेश सरकार ने ट्विशा शर्मा की मौत के मामले की जांच सीबीआई से करवाने का फैसला किया था।

ये भी पढ़ें- एमपी के ट्विशा शर्मा केस की आरोपी और रिटायर्ड जज गिरीबाला के घर चोरी, घटना के बाद चोरों और पुलिस के बीच हाथापाई हुई

ट्विशा शर्मा केस: जेल में एक-एक थाली कटोरी और चादर, गिरिबाला सिंह बनीं कैदी नंबर 71, समर्थ सिंह को मिला 1782 नंबर

Latest India News