A
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. आखिर क्या है स्कैल्प मिसाइल जिससे सेना ने आतंकी ठिकानों पर किया हमला?

आखिर क्या है स्कैल्प मिसाइल जिससे सेना ने आतंकी ठिकानों पर किया हमला?

आज तड़के भारतीय सेना ने 9 आतंकी ठिकानों पर हमला करते हुए पहलगाम में हुए आतंकी हमले का बदला ले लिया। इस हमले में सेना ने राफेल से स्कैल्प मिसाइल दागा मगर क्या है वो मिसाइल, आइए बताते हैं।

SCALP Missile- India TV Hindi
Image Source : SOCIAL MEDIA SCALP Missile

पिछले महीने की 22 तारीख को पहलगाम में जो कुछ हुआ, वो तो आप सभी को पता ही होगा। कुछ आतंकियों ने पहलगाम में घूमने आए लोगों को अपने आतंक का निशाना बनाया। इस कायराना हमले में 26 लोगों की मौत हुई थी। उस हमले के बाद से ही लोगों की मांग थी कि भारत सरकार और हमारी सेना इसका बदला ले। आज पाकिस्तान और PoK में स्थित 9 आतंकी ठिकानों पर हमला करते हुए भारतीय सरकार ने उन सभी निर्दोषों की जान का बदला ले लिया। इस दौरान सेना ने हाफिज सईद के ठिकाने पर राफेल से स्कैल्प मिसाइल से हमला किया। मगर क्या है ये 'स्कैल्प मिसाइल' जिसका इस्तेमाल इस हमले में किया गया।

क्या है स्कैल्प मिसाइल?

आपको बता दें कि SCALP मिसाइल फ्रांस और UK द्वारा बनाया गया एक मिसाइल है जो एक लंबी दूरी की हवा से लॉन्च की जाने वाली क्रूज मिसाइल है। इस मिसाइल का पूरा नाम स्ट्राइक एयर-लॉन्च क्रूज मिसाइल है। इस मिसाइल को UK में स्टॉर्म शैडो तो फ्रांस में SCALP-EG के नाम से जाना जाता है। दरअसल ये दोनों एक ही मिसाइल हैं, इसमें सिर्फ सॉफ्टवेयर और इंटरफेस का फर्क है। आपको बता दें कि इस मिसाइल एक सेफ डिस्टेंस से एयरबेस और बंकर जैसे टार्गेट पर बिल्कुल सटीक हमला करने के लिए बनाया गया है।

ऑपरेशन सिंदूर के जरिए सेना ने लिया बदला

पहलगाम में आतंकियों की तरफ से किए गए कायराना हरकत का बदला लेने के लिए भारतीय सेना ने 'ऑपरेशन सिंदूर' को चालू किया। ऑपरेशन सिंदूर के तहत सेना ने पाकिस्तान और पीओके में करीब 9 आंतकी ठिकानों पर हमला किया। इस हमले में 30 आंतकियों के मारे जाने की खबर सामने आ रही है। जितने भी आतंकियों के मारे जाने की खबर आ रही है, वो सभी जैश-ए-मोहम्मद से संबंधित थे। आपको बता दें कि इस सर्जिकल स्ट्राइक के बाद से उत्तर भारत के ज्यादातर हवाई अड्डे बंद कर दिए गए हैं और अब अगले आदेश तक उड़ानें बंद रहेंगी।

 

Latest India News