1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. यूपी में अखिलेश या मायावती से गठबंधन होगा या नहीं? जानें असदुद्दीन औवैसी ने एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में क्या-क्या बताया

यूपी में अखिलेश या मायावती से गठबंधन होगा या नहीं? जानें असदुद्दीन औवैसी ने एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में क्या-क्या बताया

असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM, यूपी में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर जमीन पर खूब मेहनत कर रही है। इसका जिक्र करते हुए ओवैसी ने बताया कि सपा या बीएसपी से गठबंधन के बारे में वो क्या सोचते हैं।

Asaduddin Owaisi interview- India TV Hindi
Image Source : PTI (फाइल फोटो) असदुद्दीन ओवैसी ने यूपी चुनाव समेत तमाम मुद्दों पर अपनी बात एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में रखी।

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के कुछ ही महीने बचे हैं और इस बीच, AIMIM अध्यक्ष असदुद्दीन औवैसी ने इंडिया टीवी को दिए एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में कहा कि यूपी के लिए हमारे कार्यकर्ताओं ने बहुत मेहनत की है। रात-दिन हमारे कार्यकर्ता पसीना बहा रहे हैं। इसके अलावा, ओवैसी ने यूपी में अखिलेश यादव या मायावती से गठबंधन, जौहर यूनिवर्सिटी, यूसीसी, डीलिमिटेशन और वन नेशन वन इलेक्शन पर खुलकर अपनी बात रखी।

बिहार में गठबंधन के लिए कहा और अब भी कह रहे

यूपी में अखिलेश यादव से गठबंधन के सवाल पर ओवैसी ने कहा कि हम राजनीतिक पार्टी चलाते हैं, यह कोई NGO नहीं है। हमने बिहार में भी गठबंधन के लिए कहा था। यूपी में भी हम यही बात दोहरा रहे हैं, गठबंधन कर लो, हम भी बीजेपी को हराना चाहते हैं। गठबंधन के लिए कितनी सीट चाहिए, इसका फैसला बातचीत से होगा, टीवी पर नहीं।

मायावती से बात होगी तो जरूर बताएंगे

वहीं, मायावती के सवाल पर ओवैसी बोले कि अभी तो कोई बातचीत नहीं हो रही, कुछ होगा तो जरूर बताएंगे। इसके अलावा, CM योगी के जिन्ना वाले बयान पर ओवैसी ने कहा कि हमें जिन्ना से क्या लेना-देना, हमने तो 1947 में जिन्ना के पैगाम को ठुकरा दिया था। देश में हिंदुत्व की पॉलिसी चल रही है। मदरसे-मजार तोड़े जा रहे हैं। ये सबकुछ इसलिए हो रहा है क्योंकि वक्फ संसोधन बिल लाया गया इसलिए तो हमने विरोध किया था। एक समुदाय को खुलेआम टारगेट किया जा रहा है। जब तक मुसलमान अपनी खुद की सियासी ताकत नहीं बढ़ाएगा, यही होगा 

बीजेपी-RSS नहीं चाहते कि मुसलमान पढ़े

साथ ही, ओवैसी ने जौहर यूनिवर्सिटी पर कहा कि बीजेपी-आरएसएस नहीं चाहते कि मुसलमान पढ़-लिख ले। यह मुसलमानों को इंजीनियर और डॉक्टर बनते नहीं देखना चाहते। इसके अलावा, मध्य प्रदेश के UCC को लेकर ओवैसी बोले कि किसने कहा मुसलमान दूसरी शादी कर रहा है। आप सर्वे कराएं तो पता चल जाएगा। डेटा दीजिए आप, ये सब झूठ नहीं चलेगा।

हम नहीं कर सकते बीजेपी पर भरोसा

वहीं, डीलिमिटेशन पर ओवैसी ने कहा कि बीजेपी कुछ भी कर सकती है। मुझे नहीं पता कि कितना आंकड़ा उनके पक्ष में है लेकिन बीजेपी पर भरोसा नहीं किया जा सकता है। इसके लिए तैयार रहना पड़ेगा। जो ममता 15 साल तक सत्ता में रहीं, उनके सांसद उड़ गए। हम तो पहले ही कहते थे। युसूफ पठान कोई छोटे बच्चे नहीं हैं लेकिन उनमें हिम्मत नहीं हैं।

कुछ भी लाकर बीजेपी उसे देशहित में है बताती

वन नेशन वन इलेक्शन पर ओवैसी बोले कि बीजेपी हर चीज कर सकती है। कुछ भी लाकर कह देगी कि ये देशहित में है। सवाल ये नहीं बीजेपी क्या कर रही है, बल्कि ये है कि हम कैसे बीजेपी को रोकेंगे। बता दें कि आगामी 24 जुलाई को दिल्ली में मुस्लिमों की बड़ी बैठक होने वाली है, जिसमें भी ओवैसी जैसे कई बड़े नेता शिरकत करेंगे

ये भी पढ़ें- 'अपनी पिछली गलतियों को दूर कर लिया है', ओवैसी ने बताया यूपी चुनावों में BJP को कैसे रोकेंगे

Latest India News