A
Hindi News भारत राजनीति चुनावी साल में CM स्टालिन का बड़ा दांव, 2 करोड़ 22 लाख परिवारों को मिलेंगे ₹3,000 नकद और गिफ्ट हैम्पर

चुनावी साल में CM स्टालिन का बड़ा दांव, 2 करोड़ 22 लाख परिवारों को मिलेंगे ₹3,000 नकद और गिफ्ट हैम्पर

चुनावी साल में तमिलनाडु के CM एमके स्टालिन ने बड़ा दांव चला है। DMK सरकार ने तमिलनाडु की जनता को 6 हजार करोड़ से ज्यादा का पोंगल तोहफा दिया है। CM ने पोंगल गिफ्ट हैम्पर वितरण की शुरुआत की है जिसके तहत राज्य के 2 करोड़ 22 लाख परिवारों को ₹3,000 नकद और गिफ्ट हैम्पर मिलेगा।

mk stalin tamil nadu gift hamper- India TV Hindi Image Source : PTI सीएम एमके स्टालिन ने तमिलनाडु की जनता को दिया तोहफा। (फाइल फोटो)

पोंगल के अवसर पर तमिलनाडु सरकार ने गुरुवार को राज्यभर के 2.22 करोड़ राशन कार्डधारकों को नकद राशि और उपहार पैक देने की विशाल कल्याण योजना की शुरुआत की। मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने इस योजना का औपचारिक शुभारंभ चेन्नई के नजरेथपेट्टै स्थित आलंदूर क्षेत्र के एक राशन दुकान से किया। योजना के तहत प्रत्येक लाभार्थी परिवार को एक किलोग्राम कच्चा चावल, एक किलोग्राम चीनी, एक गन्ना और ₹3,000 नकद सहायता दी जाएगी।

कैसे मिलेगा पोंगल गिफ्ट?

अधिकारियों के अनुसार वितरण की प्रक्रिया गुरुवार से ही शुरू कर दी गई है, और लाभार्थी अपने निर्धारित समय स्लॉट के अनुसार राशन दुकानों से पोंगल पैक प्राप्त कर सकते हैं। सहकारिता, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभागों के अधिकारियों ने बताया कि सभी तैयारी पूरी कर ली गई है। चावल और चीनी की आपूर्ति सभी राशन दुकानों तक पहुंचा दी गई है, जबकि आवश्यक गन्ने का 50 से 80 प्रतिशत हिस्सा दुकानों में पहुंच चुका है। शेष मात्रा को जिला प्रशासन के माध्यम से शीघ्र भेजने की व्यवस्था की गई है, ताकि ताज़ा गन्ना प्रत्येक लाभार्थी तक समय पर पहुंच सके।

कर्मचारियों को त्योहार की समाप्ति छुट्टी नहीं मिलेगी

पिछले वर्षों में वितरित किए गए धोती और साड़ी के कुछ स्टॉक अब भी सरकारी गोदामों में बचे हुए हैं। अधिकारियों ने बताया कि ऐसी जगहों पर जहां मांग है, वह स्टॉक फिर से वितरण के लिए दुकानों को उपलब्ध कराया जाएगा। भीड़ के प्रबंधन के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई है, विशेषकर उन इलाकों में जहां एक ही क्षेत्र में कई राशन दुकानें हैं। कर्मचारियों को त्योहार की समाप्ति तक अवकाश न लेने का निर्देश दिया गया है ताकि वितरण में कोई बाधा न आए।

पर्वतीय इलाकों में सुबह 6 बजे खुलेंगी दुकानें

पर्वतीय इलाकों में सुबह जल्दी काम पर जाने वाले लोगों को ध्यान में रखते हुए राशन दुकानें सुबह 6 बजे से खोली जाएंगी। बुधवार को टोकन वितरण की प्रक्रिया पूरी कर ली गई थी। जिन लाभार्थियों को टोकन नहीं मिला है, उन्हें अपने संबंधित राशन दुकानों से संपर्क कर निर्धारित तारीख पर पोंगल उपहार पैक प्राप्त करने को कहा गया है।

पहले 1000 रुपये दिए जाते थे

गौरतलब है कि पिछले साल तक 1000 रुपये की नकद राशि दी जाती थी लेकिन इस साल होने वाले विधानसभा चुनावों को मद्देनजर इस बार इस राशि को बढ़ाकर तीन हजार रुपये कर दिया गया है। MK स्टालिन के बेटे और डेप्युटी CM उदयनिधि स्टालिन ने भी अपने विधानसभा क्षेत्र चेप्पाक-ट्रिप्लीकेन में लोगों को पोंगल का तोहफा दिया है।

ये भी पढ़ें- डीके से तनातनी के बीच सिद्धारमैया का कमाल, आज की इस रिकॉर्ड की बराबरी, कल तोड़ देंगे

कांग्रेस हाईकमान के करीबी नेता और परिवार का नाम UP SIR से गायब, बोले- सारे कागजात दिए थे

 

Latest India News