1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. 'चिनाब ब्रिज जम्मू-कश्मीर की तरक्की की महत्वकांक्षाओं को जोड़ने का माध्यम', बोले ले. गवर्नर मनोज सिन्हा

'चिनाब ब्रिज जम्मू-कश्मीर की तरक्की की महत्वकांक्षाओं को जोड़ने का माध्यम', बोले ले. गवर्नर मनोज सिन्हा

मनोज सिन्हा ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के लोगों की तरक्की में यह ब्रिज काफी सहायक साबित होगा। उन्होंने कहा कि वादियों में अब नई बहार देखने को मिल रही है। सीमा पर छोटे-छोटे गांव में बड़े-बड़े सपने पल रहे हैं।

Manoj Sinha- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV मनोज सिन्हा, उपराज्यपाल

कटरा: जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने चिनाब और अंजी ब्रिज को जम्मू-कश्मीर की तरक्की की महत्वकांक्षाओं को जोड़ने का माध्यम बताया है। कटरा में कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और लोकार्पण के कार्यक्रम के बाद अपने संबोधन में उन्होंने यह बात कही। इससे पहले पीएम मोदी ने चिनाब पर दुनिया के सबसे बड़े रेल ब्रिज का उद्घाटन किया।

वादियों में अब नई बहार 

मनोज सिन्हा ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के लोगों की तरक्की में यह ब्रिज काफी सहायक साबित होगा। उन्होंने कहा कि वादियों में अब नई बहार देखने को मिल रही है। सीमा पर छोटे-छोटे गांव में बड़े-बड़े सपने पल रहे हैं। विकास की यह बयार कश्मीर के लोगों के लिए नई भाग्य रेखा साबित होगी।

कश्मीर से कन्याकुमारी अब नारा नहीं हकीकत

ले. गवर्नर मनोज सिन्हा ने कहा, "मुझे लगता है कि 'कश्मीर से कन्याकुमारी' अब सिर्फ एक नारा नहीं रह गया है। अभी कुछ देर पहले ही प्रधानमंत्री ने कटरा-श्रीनगर वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर इसे हकीकत में बदल दिया है। देश के दो कोनों को एक करके उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपनों को भी साकार किया है।"

पहलगाम हमले का भी किया जिक्र

लेफ्टिनेंट गवर्नर मनोज सिन्हा ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले का भी जिक्र किया और आतंकवाद की निंदा की। उन्होंने कहा कि इस तरह की आतंकी घटनाओं से कश्मीर की जनता का मनोबल नहीं टूटा। देश पूरी ताकत से आतंकवाद का मुकाबला कर रहा है।