A
  1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. BSF जवान ने थाने में किया सुसाइड, टॉयलेट में फंदे से लटक कर दी जान; लगे थे गंभीर आरोप

BSF जवान ने थाने में किया सुसाइड, टॉयलेट में फंदे से लटक कर दी जान; लगे थे गंभीर आरोप

झारखंड के खूंटी जिले में बीएसएफ के एक जवान ने थाने के अंदर सुसाइड कर लिया। जवान को नाबालिग के साथ दुष्कर्म के प्रयास के मामले में गिरफ्तार किया गया था। इसी बीच थाने के टॉयलेट में उसने आत्महत्या कर ली।

बीएसएफ के जवान ने थाने में लगाई फांसी।- India TV Hindi
Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE बीएसएफ के जवान ने थाने में लगाई फांसी।

खूंटी: झारखंड के खूंटी जिले में बीएसएफ के एक जवान ने आत्महत्या कर लिया है। दरअसल, जवान पर नाबालिग के साथ दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगाया गया था। इसी मामले में पुलिस ने बीएसएफ के 32 वर्षीय जवान को गिरफ्तार कर लिया था। वहीं मंगलवार को जवान ने एक थाने में आत्महत्या कर ली। 

खूंटी के पुलिस अधीक्षक (एसपी) मनीष टोप्पो ने घटना के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मुरहू थाना क्षेत्र के मेराल गांव के जवान ने नशे की हालत में माहिल गांव की 14-वर्षीय लड़की के साथ दुष्कर्म की कोशिश की। टोप्पो ने कहा, ‘‘जब लड़की ने शोर मचाया, तो वह भाग गया।’’ आरोप है कि लड़की के परिवार वालों और स्थानीय लोगों ने उसे पेड़ से बांधकर उसे पीटा और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया। 

टॉयलेट में लगाई फांसी

एसपी ने बताया, ‘‘सुबह आरोपी ने मुरहू थाने में एक आरक्षी से कहा कि वह शौचालय जाना चाहता है, लेकिन जब वह काफी देर तक बाहर नहीं आया, तो आरक्षी ने दरवाजा खोला और उसे फंदे से लटका पाया।’’ प्रारंभिक जांच के बाद, टोप्पो ने लापरवाही के आरोप में मुरहू के थाना प्रभारी रामदेव यादव को निलंबित कर दिया। 

एसपी मनीष टोप्पो ने कहा, ‘‘प्रारंभिक जांच में थाना परिसर में जवान पर किसी भी तरह के हमले का कोई सबूत नहीं मिला है। हालांकि, अब शव की जांच मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में की जाएगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए खूंटी के सदर अस्पताल ले जाया गया।’’

दोस्त ने की किशोर की हत्या

एक अन्य मामले में जमशेदपुर में एक किशोर की उसके दोस्त ने झगड़े के बाद हत्या कर दी। मामला सोमवार रात गोलमुरी थाना क्षेत्र के गदाबासा का बताया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि अजय बासा की उसके दोस्त संदीप कुमार ने झगड़े के बाद धारदार हथियार से हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि संदीप कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और पूछताछ की जा रही है। (इनपुट- पीटीआई)

यह भी पढ़ें-

गर्लफ्रेंड ने लॉज में प्रेमी की गला रेतकर की हत्या, फिर पुलिस के सामने कर दिया सरेंडर; सामने आई वजह

बरेली हिंसा: अब तौकीर रजा के रिश्तेदार पर एक्शन, अवैध चार्जिंग स्टेशन पर चला 'बाबा का बुलडोजर'