1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. गर्लफ्रेंड ने लॉज में प्रेमी की गला रेतकर की हत्या, फिर पुलिस के सामने कर दिया सरेंडर; सामने आई वजह

गर्लफ्रेंड ने लॉज में प्रेमी की गला रेतकर की हत्या, फिर पुलिस के सामने कर दिया सरेंडर; सामने आई वजह

 Edited By: Amar Deep @amardeepmau
 Published : Sep 30, 2025 08:41 pm IST,  Updated : Sep 30, 2025 08:41 pm IST

रायपुर में एक लड़की ने लॉज में अपने प्रेमी की गला रेतकर हत्या कर दी। गर्भवती होने के बाद लड़की ने प्रेमी से शादी के लिए कहा, इनकार करने पर नाबालिग ने अपने प्रेमी की हत्या कर दी।

गर्लफ्रेंड ने की प्रेमी की हत्या।- India TV Hindi
गर्लफ्रेंड ने की प्रेमी की हत्या। Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE

रायपुर: छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां पुलिस ने एक नाबालिग लड़की को हिरासत में लिया है। नाबालिग लड़की गर्भवती बताई जा रही है और उसे प्रेमी की हत्या के आरोप में हिरासत में लिया गया है। प्रेमी की हत्या के बाद लड़की ने अपनी मां को पूरी बात बताई, जिसके बाद मां-बेटी पुलिस के सामने पहुंचे और लड़की ने सरेंडर कर दिया। 

लॉज में मिला प्रेमी का शव

दरअसल, शहर के गंज थाना क्षेत्र के ‘ए-वन लॉज’ में लड़की ने अपने प्रेमी मोहम्मद सद्दाम की हत्या कर दी थी। इसी मामले में बिलासपुर निवासी लड़की को पकड़ा गया है। रायपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि सोमवार को लॉज के कर्मचारियों ने पुलिस को वहां के एक कमरे में संदिग्ध गतिविधि की सूचना दी थी। इसके बाद पुलिस दल को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। उन्होंने बताया कि जब पुलिस ने कमरे का दरवाजा खोला तब वहां सद्दाम का शव पड़ा हुआ था तथा उसके शरीर पर धारदार हथियार से हमले के निशान थे।

शादी से इनकार करने पर की हत्या

शव बरामद होने के बाद पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही थी तभी पता चला कि एक नाबालिग लड़की ने बिलासपुर शहर के कोनी थाने में संबंधित हत्या की जानकारी दी और खुद को पुलिस के आगे सरेंडर कर दिया। अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला कि बिहार निवासी सद्दाम कुरूद क्षेत्र में रह रहा था। कुछ समय से उसका बिलासपुर निवासी लड़की के साथ प्रेम संबंध था। उन्होंने बताया कि जब लड़की गर्भवती हुई तो उसने सद्दाम पर शादी का दबाव डाला, लेकिन युवक ने उससे शादी करने से इनकार कर दिया। 

हत्या के बाद बिलासपुर चली गई लड़की

अधिकारी के अनुसार, इस बीच वे शनिवार को ‘ए-वन लॉज’ पहुंचे। यहां रात में दोनों के बीच शादी को लेकर विवाद हुआ। शनिवार-रविवार की दरमियानी रात सद्दाम सोया हुआ था तभी लड़की ने सद्दाम के ही धारदार हथियार से उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उसने कमरे में ताला लगाकर चाबी को रेल की पटरी पर फेंक दिया तथा बिलासपुर चली गई। 

पुलिस के सामने किया सरेंडर

एक अन्य अधिकारी ने बताया कि जब नाबालिग ने बिलासपुर में अपनी मां को घटना की जानकारी दी, तब मां-बेटी कोनी थाना पहुंचे। यहां लड़की ने सद्दाम की हत्या की बात स्वीकार कर ली और खुद को पुलिस के हवाले कर दिया। उन्होंने बताया कि आरोपी लड़की को रायपुर लाया गया है तथा उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर पूछताछ की जा रही है। (इनपुट- पीटीआई)

यह भी पढ़ें-

पलवल में धर्मांतरण पर खेल राज्य मंत्री ने दिया कड़ी कार्रवाई का भरोसा, बोले- 'किसी को बख्शा नहीं जाएगा'

यूपी में फिर कमबैक की तैयारी में कांग्रेस, राज्यभर में करेगी 14 बड़ी रैलियां; इन जातियों को साधने की कोशिश

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। छत्तीसगढ़ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।