1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. बसपा पार्षद की देसी शराब पीने के बाद मौत, साथ में क्लिनिक चलाने वाले ने भी तोड़ा दम

बसपा पार्षद की देसी शराब पीने के बाद मौत, साथ में क्लिनिक चलाने वाले ने भी तोड़ा दम

 Written By: Vineet Kumar Singh
 Published : Oct 24, 2026 09:43 pm IST,  Updated : Oct 24, 2026 09:43 pm IST

छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में देसी शराब पीने के बाद बसपा पार्षद रामखिलावन जांगड़े और क्लिनिक संचालक जोहित खरे की मौत हो गई। तीसरे व्यक्ति का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस पोस्टमॉर्टम और नमूनों की जांच से मौत की वजह पता लगा रही है।

Chhattisgarh Liquor Deaths, BSP Councillor Death, Janjgir Champa News- India TV Hindi
छत्तीसगढ़ में शराब पीने के बाद 2 लोगों की मौत हो गई। Image Source : INDIA TV REPRESENTATIONAL

Highlights

  • छत्तीसगढ़ के पामगढ़ में देसी शराब पीने के बाद BSP पार्षद समेत दो लोगों की मौत की खबर सामने आई है।
  • दोनों को सांस लेने में परेशानी हुई, जबकि तीसरे व्यक्ति की हालत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
  • पुलिस ने जहरीले पदार्थ की आशंका से इनकार नहीं किया, पोस्टमॉर्टम और नमूनों की जांच से खुलेगा राज।

बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में देसी शराब पीने के बाद 2 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में बहुजन समाज पार्टी के एक पार्षद और निजी क्लिनिक चलाने वाला व्यक्ति शामिल है। पुलिस के मुताबिक, दोनों ने दो अन्य लोगों के साथ शुक्रवार रात शराब पी थी। घर लौटने के बाद उन्हें सांस लेने में परेशानी होने लगी। अस्पताल में इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। एक अन्य व्यक्ति की हालत भी बिगड़ गई है, जबकि चौथे व्यक्ति से पूछताछ की जा रही है।

देसी शराब पीने के बाद बिगड़ी तबीयत

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह घटना शुक्रवार रात जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ कस्बे में हुई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, 55 साल के रामखिलावन जांगड़े और 52 साल के जोहित खरे ने 2 अन्य लोगों के साथ देसी शराब पी थी। रामखिलावन जांगड़े बहुजन समाज पार्टी के पार्षद थे, जबकि जोहित खरे एक प्राइवेट क्लिनिक चलाते थे। शराब पीने के बाद घर लौटने पर दोनों को सांस लेने में परेशानी होने लगी।

बिलासपुर के अस्पतालों में इलाज के दौरान मौत

जांजगीर के एसडीओपी टोपेश वर्मा ने बताया कि तबीयत बिगड़ने के बाद दोनों को पामगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। बाद में रामखिलावन जांगड़े को बिलासपुर स्थित छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान यानी कि CIMS भेजा गया, जबकि जोहित खरे को अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया। दोनों की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगी।

तीसरे व्यक्ति की हालत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती

पुलिस के एक अन्य अधिकारी के मुताबिक, शराब पीने वाले तीसरे व्यक्ति कमल नाथ खरे उर्फ राजा की तबीयत शनिवार को और बिगड़ गई। उन्हें बिलासपुर के छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं, इस मामले में शामिल चौथे व्यक्ति मुकेश कश्यप उर्फ गोलू से पुलिस पूछताछ कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि शराब पीने वाले सभी लोगों की तबीयत किस वजह से बिगड़ी।

जहरीली शराब से मौत या कोई दूसरी वजह?

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अभी यह साफ नहीं है कि दोनों लोगों की मौत शराब में किसी जहरीले पदार्थ की मौजूदगी के कारण हुई या इसके पीछे कोई दूसरी वजह थी। मौत का कारण पता लगाने के लिए पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और शरीर के अंदरूनी अंगों के नमूनों की जांच की जाएगी। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। पामगढ़ थाना प्रभारी राकेश सूर्यवंशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बता दें कि पिछले महीने भी छत्तीसगढ़ में शराब पीने के 30 मिनट बाद ही 2 युवकों की मौत हो गई थी। (PTI से इनपुट्स के साथ)

ये भी पढ़ें: चंडीगढ़ के ताज होटल में कारोबारी दीपक मित्तल की संदिग्ध मौत, शराब और दवाइयां बरामद, देर रात मिलने गई थी एक युवती

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। छत्तीसगढ़ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।