1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. शराब पीने के 30 मिनट बाद ही 2 युवकों की मौत, दोनों बेहोश मिले थे; गांव में मचा हड़कंप

शराब पीने के 30 मिनट बाद ही 2 युवकों की मौत, दोनों बेहोश मिले थे; गांव में मचा हड़कंप

 Edited By: Khushbu Rawal
 Published : Sep 16, 2025 10:19 pm IST,  Updated : Sep 16, 2025 10:19 pm IST

दोनों युवकों ने गांव के ही व्यक्ति से अवैध अंग्रेजी शराब खरीदी थी और शराब पीने के बाद दोनों की तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश हो गए।

प्रतीकात्मक तस्वीर- India TV Hindi
प्रतीकात्मक तस्वीर Image Source : PTI (FILE PHOTO)

छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में कथित रूप से शराब पीने के बाद दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना की जांच के लिए टीम का गठन किया गया है। उन्होंने बताया कि जिले के बिर्रा थाना क्षेत्र के अंतर्गत करही गांव में सोमवार सुबह शराब पीने के बाद दो लोगों सूरज यादव (30) और मनोज कश्यप (34) की मौत हो गई।

गांव के ही व्यक्ति से खरीदी थी अवैध अंग्रेजी शराब 

अधिकारियों ने बताया कि पुलिस को जानकारी मिली कि दोनों युवकों ने गांव के ही व्यक्ति से अवैध अंग्रेजी शराब खरीदी थी और शराब पीने के बाद दोनों की तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश हो गए। उन्होंने बताया कि जब दोनों की तबीयत खराब हुई तो उनके परिजनों ने उन्हें जिले के सारंगढ़ शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई। अधिकारी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस का एक दल अस्पताल पहुंचा तथा मामला दर्ज कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

जांच टीम का गठन 

मामले की गंभीरता को देखते हुए जांजगीर-चांपा जिले के पुलिस अधीक्षक ने चांपा क्षेत्र के अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (एसडीओपी) यदुमणी सिदार के नेतृत्व में जांच दल का गठन किया है। दल में 8 अन्य पुलिस कर्मियों को भी शामिल किया गया है। उन्होंने बताया कि जांच के बाद ही इस मामले में आगे की कार्रवाई तथा आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी। (भाषा इनपुट्स के साथ)

यह भी पढ़ें-

ऊंट के जरिए शराब की तस्करी! दिल्ली के अनोखे तस्करों का खेल समझ पुलिस भी हैरान, 42 पेटी शराब जब्त

शराब न मिलने पर होमगार्ड ने ठेके पर छिड़का पेट्रोल और लगा दी आग, बाइक चलाकर हो गया फरार

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। छत्तीसगढ़ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।