कहते हैं “प्यार किया तो डरना क्या”, लेकिन चतरा जिले के हंटरगंज में यह कहावत कुछ यूं बदली कि “प्यार किया तो पंचायत बुलाना क्या!” यहां एक प्रेम कहानी ने ऐसा मोड़ लिया कि शादी की तय तारीख से पहले ही पंचायत के फैसले पर आनन-फानन में विवाह संपन्न करा दिया गया। अब यह अनोखी शादी पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।
जानें पूरा मामला
मामला हंटरगंज थाना क्षेत्र के ब्लूरी गांव और डाहा गांव से जुड़ा है। दोनों गांवों के एक युवक और युवती के बीच पिछले करीब 2 सालों से लव अफेयर चल रहा था। धीरे-धीरे इसकी जानकारी ग्रामीणों और परिजनों को हुई। शुरू में मामला आपसी बातचीत तक सीमित रहा, लेकिन बाद में यह परिवार और समाज के बीच चर्चा का विषय बन गया।
थाना और पंचायत की मौजूदगी में “फास्ट ट्रैक” विवाह
स्थिति को देखते हुए दोनों परिवारों ने सामाजिक सहमति से इस रिश्ते को स्वीकार करने का निर्णय लिया और 22 अप्रैल 2026 को शादी की तारीख तय कर दी। लड़की पक्ष ने कार्ड छपवाने से लेकर खरीदारी तक की सारी तैयारियां पूरी कर ली थीं। माहौल पूरी तरह से शादी के रंग में रंगा हुआ था। लेकिन यहीं से कहानी में बड़ा मोड़ आ गया। तय तारीख से पहले ही युवक ने अचानक शादी से इनकार कर दिया। इस फैसले से लड़की पक्ष में आक्रोश फैल गया और मामला सीधे हंटरगंज थाना पहुंच गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों पक्षों को बुलाया। इसके साथ ही ग्रामीणों और बुजुर्गों की मौजूदगी में एक खुली पंचायत बुलाई गई।
Image Source : reporter inputथाना और पंचायत की मौजूदगी में “फास्ट ट्रैक” विवाह
पंचायत में लंबी बातचीत, तर्क-वितर्क और समझाइश का दौर चला। सामाजिक प्रतिष्ठा और रिश्ते की गंभीरता को देखते हुए अंततः सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि जब दोनों के बीच प्रेम संबंध रहा है, तो इस रिश्ते को विवाह का रूप देना ही उचित होगा।
पंचायत के फैसले के बाद बिना देरी के हुआ विवाह
तय तारीख का इंतजार किए बिना ही रविवार देर शाम हंटरगंज स्थित शिव मंदिर में सादगीपूर्ण तरीके से विवाह संपन्न कराया गया। इस शादी में ना बैंड-बाजा था, ना घोड़ी, ना बारात—सिर्फ मंदिर परिसर, फूलों की माला और मोबाइल कैमरों में कैद होते पल। वर-वधू ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाकर वैवाहिक जीवन की शुरुआत की। इस अनोखी शादी का वीडियो अब सोशल मीडिया और स्थानीय क्षेत्रों में तेजी से वायरल हो रहा है।
'शहनाई से ज्यादा पंचायत की आवाज गूंजी'
ग्रामीणों के बीच यह चर्चा का विषय बना हुआ है। लोग चुटकी लेते हुए कह रहे हैं—“यहां शहनाई से ज्यादा पंचायत की आवाज गूंजी।'' हालांकि युवक का कहना है कि उसने यह शादी अपनी सहमति से की है। फिलहाल, यह प्रेम कहानी एक सुखद अंत के साथ विवाह में बदल चुकी है, लेकिन इसका तरीका लोगों के बीच लंबे समय तक चर्चा का विषय बना रहेगा।
(रिपोर्ट- संजीत मिश्रा)
यह भी पढ़ें-
शादी के एक महीने बाद ही भाग गईं मोनालिसा, खोजते-खोजते पति केरल से पहुंचा अजमेर, कहानी में आया फिल्मी ट्विस्ट
'मुझसे गलती हो गई, प्लीज माफ कर दो...', मनचले आशिक ने कॉलेज की दीवारें बना दी माफीनामा बोर्ड, पोस्टर हो रहा वायरल