झारखंड के धनबाद जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां प्यार में अंधे एक आशिक ने शिक्षा के मंदिर को अपना अड्डा बना दिया है। सामने आई जानकारी के मुताबिक, शहर के प्रतिष्ठित बीएसएस महिला महाविद्यालय के गेट पर एक मनचले ने अपनी प्रेमिका से माफी मांगने के लिए पोस्टरों की बौछार कर दी। इतना ही नहीं जब गार्ड इन पोस्टरों को हटाने के लिए गया तो उसे धमकी तक दी गई। अब ये मामले इलाके में चर्चा का विषय बन गया है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, धनबाद शहर के बीएसएस महिला महाविद्यालय के गेट पर एक मनचले ने कॉलेज को रोमांटिक ड्रामा सेट बना दिया। मनचले ने कॉलेज की दीवारों पर पोस्टरों की बौछार कर दी। इन पोस्टरों पर लिखा था- "I am Sorry Dimpi, मुझसे गलती हो गई, प्लीज मुझे माफ कर दो। मैं आगे से ध्यान रखूंगा कि ऐसा फिर न हो। तुम मेरे लिए बहुत Important हो।" इस घटना के सामने आने के बाद छात्राओं की सुरक्षा पर उठे सवालों ने माहौल बिगाड़ दिया है।
कॉलेज के चपरासी को मिली धमकी
सोशल मीडिया पर वायरल हो चुकीं पोस्टरों की तस्वीरों में दिख रहा है कि आशिक ने खुलेआम अपनी गलतियों का इकबाल किया और प्रेमिका से माफी मांगी। हालांकि, जब कॉलेज का चपरासी जब पोस्टर को हटाने पहुंचा तो मनचले ने उसे धमकी तक दे डाली। इस घटना को लेकर कॉलेज की प्राचार्या डॉ. करुणा ने बताया- "सुबह पता चला तो गार्ड भेजा, लेकिन आशिक ने धमकाया। मैं पहुंची तो वो भाग चुके थे। तुरंत पोस्टर हटा लिए।"
छात्राओं की सुरक्षा पर सवाल
महिला कॉलेज होने की वजह से छात्राओं की सुरक्षा को लेकर ये मामला और गंभीर हो गया है। कॉलेज की प्राचार्या ने धनबाद उपायुक्त से अपील करते हुए कहा- "ऐसे मनचलों पर सख्त कार्रवाई हो, वरना भविष्य में और हादसे होंगे।" पुलिस अब इस मामले की जांच में जुटी है। प्यार का यह 'अजूबा तरीका' वायरल हो गया है। ऐसे में सवाल ये उठ रहे हैं कि क्या प्रशासन इस मामले में ठोस एक्शन लेगा। (रिपोर्ट: कुंदन सिंह)
ये भी पढ़ें- झारखंड में वित्तीय संकट: 26 साल में पहली बार 8 अप्रैल तक नहीं मिला वेतन, कर्मचारियों की बढ़ी चिंता
धनबाद में सांसद-मेयर की जंग रेलवे तक: 3 दिन पहले भेजा न्योता, 3 घंटे पहले 'कैंसिल', बैनर तक बदल दिए