1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. रांची में प्रदर्शनकारियों ने किया सोरेन-राहुल गांधी का पुतला जलाने का ऐलान, CM आवास घेरने की भी दी धमकी

रांची में प्रदर्शनकारियों ने किया सोरेन-राहुल गांधी का पुतला जलाने का ऐलान, CM आवास घेरने की भी दी धमकी

रांची में प्रदर्शनकारियों ने घोषणा की है कि वे 16 अगस्त को हेमंत सोरेन और राहुल गांधी का पुतला दहन करेंगे। इसके बाद 20 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास का घेराव भी करेंगे।

JPSC Reform Manch- India TV Hindi
Image Source : ANI रांची में प्रदर्शनकारियों ने किया बड़ा ऐलान।

झारखंड के रांची में छात्रों का प्रदर्शन और तेज होने वाला है। प्रदर्शनकारियों ने ऐलान किया है कि वे 16 अगस्त को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का पुतला जलाएंगे। इसके साथ ही, उन्होंने ये भी ऐलान किया कि 20 अगस्त को छात्र संगठन, मुख्यमंत्री आवास का घेराव भी करेंगे।

रिफॉर्म मंच ने पहली बार मांगा CM सोरेन का इस्तीफा

इस घोषणा के साथ ही, जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म मंच सीएम सोरेन से इस्तीफा भी मांग लिया। ये पहली बार है जब रिफॉर्म मंच ने सीधे हेमंत सोरेन का इस्तीफा मांगा है। ऐलान किया गया है कि 18 अगस्त तक झारखंड सरकार को अल्टीमेटम है। अगर मांगें नहीं मानी तो 20 अगस्त को सीएम आवास का घेराव किया जाएगा।

झारखंड के 24 जिलों में होगा पुतला दहन

इसके अलावा, जेपीएससी- जेएसएससी रिफॉर्म मंच ने ऐलान किया कि 16 अगस्त को झारखंड के 24 जिलों में पुतला दहन किया जाएगा। छात्र संगठन, सीएम हेमंत सोरेन और राहुल गांधी का पुतला दहन करेंगे।

रांची में एक नया फ्रंट खुला

गौरतलब है कि रांची में छात्र आंदोलन का एक और फ्रंट खुल गया है। अब रांची के सदर अस्पताल में नया जंतर-मंतर बन गया है। छात्र नेता देवेंद्र महतो सदर अस्पताल में धरने पर बैठ गए हैं। और प्रशासन ने अस्पताल को छावनी बना दिया है। ICU वार्ड से लेकर अस्पताल के हर एंट्री और एग्जिट पोइंट्स पर पुलिस की तैनाती की गई है।

छात्रों ने बढ़ाई सरकार की टेंशन

छात्रों का दावा है प्रशासन जबरन छात्रों को रोकने का कोशिश कर रहा है। लेकिन पुलिस छात्रों की तबीयत का हवाला दे रही है। रांची में छात्रों के तिरंगा आंदोलन ने सोरेन सरकार की टेंशन बढ़ा दी है। रांची से आज हॉस्पिटल में देवेंद्र नाथ महतो के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की खबर भी सामने आई थी।

14 दिन से अनशन पर हैं छात्र

रांची में छात्र 14 दिन से अनशन पर हैं। देवेंद्रनाथ महतो और राहुल क्रांति इस वक्त सदर अस्पताल में है। और इन लोगों को तिरंगा मार्च में शामिल नहीं होने दिया गया। इससे पहले, रांची में तिरंगा यात्रा की कॉल रांची के जंतर-मंतर से दी गई थी। जिस वक्त सीएम सोरेन मोरहाबादी मैदान में झंडारोहण कर रहे थे, उसी वक्त रांची की सड़कों पर पेपर लीक और सरकारी नौकरी में भ्रष्टाचार से आजादी के लिए छात्र सड़क पर उतरे हुए थे। तपती गर्मी और चिलचिलाती धूप में छात्र नंगे पैर तिरंगा यात्रा निकाल रहे थे।

ये भी पढ़ें- झारखंड एग्जाम गड़बड़ी मामले में CID का बड़ा एक्शन, मुख्य आरोपी का करीबी मिथिलेश गिरफ्तार