1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. रांची में हॉस्पिटल में भर्ती छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट, खुद VIDEO में लगाए आरोप

रांची में हॉस्पिटल में भर्ती छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट, खुद VIDEO में लगाए आरोप

 Reported By: Abhay Parashar Written By: Rituraj Tripathi
 Published : Aug 15, 2026 08:43 pm IST,  Updated : Aug 15, 2026 09:16 pm IST

रांची में हॉस्पिटल में भर्ती छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने वीडियो में अपने साथ धक्का मुक्की और मारपीट के आरोप लगाए हैं। उन्होंने इंसाफ की मांग की है।

Devendra Nath Mahto- India TV Hindi
देवेंद्र नाथ महतो Image Source : REPORTER INPUT

रांची: रांची में हॉस्पिटल में भर्ती छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की खबर सामने आई है। देवेंद्र नाथ मेहतो ने खुद एक वीडियो में अपने साथ धक्का मुक्की और मारपीट का आरोप लगाया है। इस वीडियो में देवेंद्र महतो लेटे हुए दिख रहे हैं और आरोप लगा रहे हैं।

देवेंद्र नाथ महतो ने आरोप लगाया है कि आजादी के दिन (15 अगस्त) उन्हें झंडा फहराने से रोका गया और उन्हें पीटा गया। उनके साथ मौजूद साथियों के साथ भी पुलिस द्वारा धक्का-मुक्की एवं मारपीट किए जाने की बात सामने आई है। 

देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि वह 14 दिन से भूख हड़ताल पर हैं और उनके साथ इस तरह का व्यवहार किया गया। उन्होंने इंसाफ की मांग की है।

देवेंद्र नाथ महतो ने वीडियो में क्या कहा?

देवेंद्र नाथ मेहतो ने कहा, "अभी मैं इस हालात में लगभग 4 घंटों से लेटा हुआ हूं। जहां लेटा हूं, वह सदर अस्पताल रांची है, जहां मैं एडमिट हूं। मेरा इलाज चल रहा है। आज 15 अगस्त को मुझे आश्चर्य लग रहा है कि मैं यहां लेटा हूं और आज 15 अगस्त के दिन पुलिस ने मेरे साथ धक्का मुक्की की और मारपीट की। लाठीचार्ज भी करने वाली थी लेकिन हमारे साथी ने हमें बचा लिया।"

देवेंद्र नाथ मेहतो ने कहा, "मेरे साथियों को पटक-पटककर मारा गया। बहुत ताकत लगाकर मुझे अंदर खींचा जा रहा था। क्या कसूर था मेरा? मैं झारखंड के भ्रष्ट एजुकेशन सिस्टम के सुधार को लेकर आंदोलन कर रहा हूं। मैं 14 दिन से भूख हड़ताल पर हूं। मैं जेपीएससी और जेएसएससी के पेपर लीक के खिलाफ आंदोलन कर रहा हूं।"

क्या है पूरा मामला?

आज स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अस्पताल में भर्ती एवं इलाजरत देवेंद्र नाथ महतो के साथ धक्का-मुक्की की गई और उन्हें बाहर जाने से रोका गया। उनके साथ मौजूद साथियों के साथ भी पुलिस द्वारा धक्का-मुक्की एवं मारपीट किए जाने की बात सामने आई है।

देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि उन्हें झंडोत्तोलन में शामिल होने, तिरंगा यात्रा में जाने और अपनी इच्छा के अनुसार इलाज कराने की स्वतंत्रता तक नहीं दी गई। उन्होंने सवाल उठाया-क्या यही वह आज़ादी है, जिसके लिए भगत सिंह, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, खुदीराम बोस, महात्मा गांधी और बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर जैसे महान लोगों ने संघर्ष और बलिदान दिया था?

देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि आज जो कुछ उन्होंने देखा, उसने उन्हें भीतर तक झकझोर दिया है। स्वतंत्रता दिवस जैसे पवित्र अवसर पर ऐसी परिस्थिति का सामना करना उनके लिए बेहद पीड़ादायक है। इससे पहले झारखंड में प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज हुआ था और आंसू गैस छोड़ी गई थी। देवेंद्र महतो की तबीयत भी बिगड़ी थी और BJP ने बंद का आह्वान किया था।

ये भी पढ़ें-

हॉस्पिटल में छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो से मिले झारखंड के पूर्व CM रघुवर दास, देखें रांची की अन्य तस्वीरें

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। झारखण्ड से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।