A
  1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. JSSC उत्पाद सिपाही परीक्षा में सेंधमारी नाकाम, पेपर लीक गैंग के 5 सदस्य और 159 अभ्यर्थी गिरफ्तार

JSSC उत्पाद सिपाही परीक्षा में सेंधमारी नाकाम, पेपर लीक गैंग के 5 सदस्य और 159 अभ्यर्थी गिरफ्तार

मौके से प्रिंटर और प्रश्न-उत्तर के कई सेट बरामद हुए हैं। गैंग के सदस्य अभ्यर्थियों को उत्तर रटवा रहे थे। सबूत के तौर पर पुलिस ने भारी मात्रा में ब्लैंक चेक, फटे हुए एडमिट कार्ड और अभ्यर्थियों के मूल दस्तावेज जब्त किए हैं।

झारखंड पेपर लीक कांड- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT झारखंड पेपर लीक कांड

रांची: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की  उत्पाद सिपाही प्रतियोगिता परीक्षा- 2023 में सेंधमारी करने की एक बड़ी साजिश को रांची पुलिस ने नाकाम कर दिया है। तमाड़ थाना क्षेत्र के एक सुनसान अर्धनिर्मित भवन में छापेमारी कर पुलिस ने अंतर्राज्यीय पेपर लीक गिरोह के 5 सदस्यों और परीक्षा की तैयारी कर रहे 159 अभ्यर्थियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

एसएसपी रांची को मिली गुप्त सूचना के आधार पर 11 अप्रैल की देर रात एक विशेष टीम ने तमाड़ के उस भवन की घेराबंदी की, जहां संदिग्ध गतिविधियां चल रही थीं। पुलिस को देखते ही मौके पर भगदड़ मच गई। अभ्यर्थी अपने मोबाइल और कागजात छिपाने लगे, लेकिन पुलिस ने सूझबूझ दिखाते हुए सभी को दो कमरों में सीमित कर हिरासत में ले लिया।

10 से 15 लाख में हुआ था सौदा

जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि गिरोह ने प्रत्येक अभ्यर्थी से परीक्षा पास कराने के बदले 10 से 15 लाख रुपये की मांग की थी।

रटाए जा रहे थे प्रश्न

मौके से प्रिंटर और प्रश्न-उत्तर के तैयार सेट मिले हैं। गैंग के सदस्य अभ्यर्थियों को उत्तर रटवा रहे थे।

चेक और एडमिट कार्ड जब्त

पुलिस को मौके से भारी मात्रा में बैंक चेक, फटे हुए एडमिट कार्ड और मोबाइल फोन मिले हैं। गिरोह ने सबूत मिटाने के लिए अभ्यर्थियों के मोबाइल और मूल दस्तावेज अपने पास जमा कर लिए थे।

पेपर लीक का 'पुराना खिलाड़ी' है मास्टरमाइंड

इस गिरोह का सरगना बिहार के जहानाबाद का रहने वाला अतुल वत्स है। अतुल वत्स का आपराधिक इतिहास बेहद चौंकाने वाला है। वह देश की कई बड़ी परीक्षाओं के पेपर लीक मामले में शामिल रहा है, जिनमें शामिल हैं:-

  • राजस्थान क्लर्क भर्ती (2017)
  • NEET पेपर लीक (2024)
  • यूपी सिपाही भर्ती और RO/ARO परीक्षा (2024)

जब्त की गई सामग्रियां

पुलिस ने छापेमारी के दौरान घटनास्थल से 08 लग्जरी गाड़ियां भी जब्त की हैं, जिनका इस्तेमाल अभ्यर्थियों को ढोने और गिरोह के संचालन के लिए किया जा रहा था। गिरफ्तार 159 अभ्यर्थियों में 07 महिला अभ्यर्थी भी शामिल हैं।

तमाड़ पुलिस ने कांड संख्या-21/26 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब JSSC के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर रही है, ताकि इन अभ्यर्थियों को ब्लैकलिस्ट करने और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा सके। पुलिस इस गिरोह से जुड़े अन्य एजेंटों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

(रिपोर्ट- मुकेश कुमार)

ये भी पढ़ें-

रात के अंधेरे में मां ने सो रहे दो मासूमों को कुल्हाड़ी से काटा, फिर खुद का भी रेता गला; खून से लथपथ मिले दोनों बच्चे

"पाकिस्तान विनाशक है, जहां हाथ लगाता है, वह नष्ट हो जाता है", उमा भारती का बड़ा हमला