A
  1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. दादा-दादी संग 8 साल के मासूम की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या, कमरे में बंद थी मां

दादा-दादी संग 8 साल के मासूम की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या, कमरे में बंद थी मां

लोहरदगा में एक ही परिवार के तीन लोगों की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने बच्चे और उसके दादा-दादी की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
Image Source : FILE (PTI) प्रतीकात्मक फोटो

झारखंड के लोहरदगा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां बुधवार को एक ही परिवार के तीन सदस्यों की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतकों में आठ वर्षीय एक मासूम लड़का भी शामिल है। यह वारदात जिले के पेशरार थाना क्षेत्र के केकरांग गांव में देर रात करीब 1 बजे की है।

लोहरदगा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) सादिक अनवर रिजवी ने बताया कि आठ साल के लड़के, उसके दादा और दादी की लाठी-डंडों से निर्मम हत्या की गई है। बच्चे की मां को एक कमरे में कथित तौर पर बंद कर दिया गया था। जादू-टोना व जमीन विवाद समेत सभी पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है और फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है।

लड़के की मां का बयान

पुलिस को दिए अपने बयान में लड़के की मां ने बताया कि हमलावरों ने उसे बाहर से बंद कर दिया और उसके बेटे एवं ससुराल वालों की हत्या कर दी। उन्होंने यह भी बताया कि उनके पति प्रवासी मजदूर हैं और घटना के समय घर पर मौजूद नहीं थे।

बैंक एजेंट से नकदी लूटने पर 6 गिरफ्तार

एक अन्य खबर में, झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले में सार्वजनिक क्षेत्र के एक बैंक के एजेंट से कथित तौर पर तीन लाख रुपये लूटने के आरोप में बुधवार को छह लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि यह घटना 29 सितंबर को उस समय हुई थी जब एक 'बैंक मित्र' (बिना बैंक सुविधा वाले क्षेत्रों का बैंक एजेंट) और उसका सहयोगी अगसिया गांव में अपने घर लौट रहे थे। 

उप-संभागीय पुलिस अधिकारी (चांडिल) अरविंद बिन्हा ने बताया कि मोटरसाइकिल सवार आरोपियों ने बसाहातु गांव के पास बैंक मित्र और उसके सहयोगी पर हमला किया और नकदी लूट ली। बिन्हा ने बताया कि जांच के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस की एक टीम ने छापेमारी की और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके पास से एक देसी पिस्तौल, कारतूस और मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। (इनपुट- भाषा)

ये भी पढ़ें-

ISI समर्थित आतंकी नेटवर्क का भंडाफोड़, RDX के साथ 2 गिरफ्तार, पंजाब में आतंकी हमले की थी प्लानिंग

EC सरकार के अधिकारियों को धमका रहा, हम इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे: ममता बनर्जी