पंजाब पुलिस ने पाकिस्तान की आईएसआई (ISI) समर्थित आतंकी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गुरुवार को बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) के एक सक्रिय आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करने किया है। पुलिस ने जालंधर से दो लोगों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से RDX युक्त एक परिष्कृत आईईडी (IED) और एक रिमोट कंट्रोल जब्त किया है।
लक्षित आतंकवादी हमले की थी योजना
पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने इस सफलता की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जब्त की गई 2.5 किलोग्राम की विस्फोटक सामग्री का उद्देश्य राज्य में लक्षित आतंकवादी हमला करना था।
डीजीपी यादव ने X पर एक पोस्ट में कहा, "पाकिस्तान के आईएसआई समर्थित आतंकी नेटवर्क के खिलाफ एक बड़ी सफलता में काउंटर इंटेलिजेंस, जालंधर ने बब्बर खालसा इंटरनेशनल आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया और 2.5 किलोग्राम आईईडी/आरडीएक्स और एक रिमोट कंट्रोल बरामद किया।"
ब्रिटेन से हो रहा था संचालन
पुलिस के अनुसार, यह मॉड्यूल बीकेआई के सरगना हरविंदर सिंह रिंदा के निर्देशों पर काम कर रहा था। इस मॉड्यूल का संचालन ब्रिटेन में रह रहे उसके गुर्गों निशान जौरियन और आदेश जमराई द्वारा किया जा रहा था। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों गुरजिंदर सिंह और दीवान सिंह को जालंधर से गिरफ्तार किया है।
डीजीपी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों के खिलाफ अमृतसर में गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अब इस मॉड्यूल के अन्य सदस्यों और उनके पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए गहन पूछताछ कर रही है। (इनपुट- भाषा)
ये भी पढ़ें-