झारखंड के पूर्वी सिंहभूम के प्रमुख पर्यटन स्थल दलमा की वादियों में घूमने आने वाले पर्यटकों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। प्राकृतिक हरियाली के बीच दलमा के माकुलाकोचा में आधुनिक सुविधाओं से लैस एक नया इको रेस्ट हाउस पूरी तरह बनकर तैयार हो गया है। वन विभाग जल्द ही इसका उद्घाटन कर इसे पर्यटकों के लिए समर्पित करेगा। इन नई परियोजनाओं से न सिर्फ दलमा पर्यटन को एक नई पहचान मिलेगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
इको रेस्ट हाउस की खासियत
- पर्यटकों के ठहरने के लिए यहां कुल 15 कमरे बनाए गए हैं, जो सभी आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित हैं।
- परिसर की सुंदरता बढ़ाने के लिए इसके ठीक सामने एक शानदार फाउंटेन लगाया गया है।
- रात के समय यह रेस्ट हाउस खास रोशनी से जगमगाएगा, जो पर्यटकों को एक अद्भुत अनुभव प्रदान करेगा।
Image Source : Reporter Inputइको रेस्ट हाउस
पिंडराबेड़ा में बन रहा रोमांचक 'हैंगिंग' रेस्ट हाउस
माकुलाकोचा के अलावा, दलमा टॉप स्थित पिंडराबेड़ा में भी एक और इको रेस्ट हाउस का निर्माण अपने अंतिम चरण में है। 15 कमरों वाले इस रेस्ट हाउस की सबसे बड़ी खासियत इसका 'हैंगिंग डिजाइन' है। इसका एक हिस्सा पहाड़ से बाहर की ओर लटका हुआ होगा, जो पर्यटकों को बेहद रोमांचक अनुभव देगा। इन दोनों बड़ी परियोजनाओं पर वन विभाग द्वारा लगभग 11 करोड़ रुपये की लागत आ रही है।
Image Source : Reporterइको रेस्ट हाउस
स्थानीय युवाओं को मिलेगा रोजगार
दलमा की प्रभागीय वन पदाधिकारी (डीएफओ) सबा आलम अंसारी ने जानकारी दी कि माकुलाकोचा रेस्ट हाउस पूरी तरह तैयार है और पिंडराबेड़ा का काम भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा। इन रेस्ट हाउस के संचालन की जिम्मेदारी इको विकास समिति को सौंपी जाएगी। इससे स्थानीय युवाओं और ग्रामीणों को सीधे तौर पर रोजगार मिलेगा और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।
Image Source : Reporter Inputइको रेस्ट हाउस
बिछाए गए पेवर्स ब्लॉक
पर्यटकों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वन विभाग ने आधारभूत ढांचे को भी मजबूत किया है। चाकुलिया से माकुलाकोचा स्थित दलमा के मुख्य द्वार तक लगभग डेढ़ किलोमीटर लंबी कच्ची सड़क पर 7 लाख रुपये की लागत से पेवर्स ब्लॉक बिछा दिए गए हैं। इससे बरसात के दिनों में होने वाली कीचड़ और फिसलन की समस्या खत्म हो गई है, जिससे अब पर्यटकों का आवागमन पहले से कहीं अधिक सुगम और सुरक्षित हो गया है।
(रिपोर्ट- गंगाधर पांडे)
ये भी पढ़ें-
4 साल के बेटे की हत्या करने वाली मां को उम्रकैद, कोर्ट ने सुनाया फैसला; लगाया 60 हजार का जुर्माना
अमेठी में नहर से मिला बोरे में बंद युवक का शव, कई दिन पुराना होने की आशंका