1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. झारखंड के प्राइवेट स्टील प्लांट में धमाका, 9 कर्मचारी हुए घायल; जांच के निर्देश

झारखंड के प्राइवेट स्टील प्लांट में धमाका, 9 कर्मचारी हुए घायल; जांच के निर्देश

रामगढ़ की एक प्राइवेट स्टील प्लांट में धमाका हुआ है। इस घटना में 9 कर्मचारी घायल हुए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दो कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें रांची रेफर कर दिया गया है।

प्राइवेट स्टील प्लांट में हुआ धमाका।- India TV Hindi
Image Source : PTI/REPRESENTATIVE IMAGE प्राइवेट स्टील प्लांट में हुआ धमाका।

रामगढ़: इस वक्त की बड़ी खबर झारखंड के रामगढ़ जिले से सामने आई है। यहां एक प्राइवेट स्टील प्लांट में धमाका हो गया है। बताया जा रहा है कि प्लांट के फर्नेस चैंबर में यह धमाका हुआ। धमाके की वजह से प्लांट में काम कर रहे 9 कर्मचारी घायल हो गए हैं। धमाका होते ही गर्म धातु के छींटे कर्मचारियों के ऊपर पड़ गए, जिससे कर्मचारी झुलस गए। आनन-फानन में सभी कर्मचारियों को रामगढ़ के एक प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया। हालांकि गंभीर हालत के चलते दो कर्मचारियों को रांची रेफर कर दिया गया है। फिलहाल सभी घायलों का इलाज किया जा रहा है। वहीं घटना की जांच के आदेश भी दे दिए गए हैं। 

प्लांट के फर्नेस चेंबर में हुआ धमाका

एक अधिकारी ने बताया कि रविवार को झारखंड के रामगढ़ जिले में एक प्राइवेट स्टील प्लांट के फर्नेस चैंबर में धमाका हो गया। इस घटना में कम से कम 9 कर्मचारी घायल हो गए हैं। पुलिस के मुताबिक यह घटना दोपहर में कुजू आउटपोस्ट इलाके के मुरपा गांव में हुई। चीफ फैक्ट्री इंस्पेक्टर मनीष सिन्हा ने बताया कि गंभीर रूप से घायल दो कर्मचारियों को रांची के एक प्राइवेट अस्पताल में रेफर किया गया है। उन्होंने कहा, "प्लांट के फर्नेस चैंबर में धमाके के बाद गर्म धातु के छींटे पड़ने से कर्मचारी झुलस गए। हजारीबाग के फैक्ट्री इंस्पेक्टर को मामले की जांच करने और जल्द से जल्द विस्तृत रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है।"

घायलों को अस्पताल में कराया भर्ती

वहीं घटना के बाद, सभी घायलों को रामगढ़ के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल के डॉ. सौरभ कुमार ने बताया कि 9 लोगों को झुलसी हुई हालत में अस्पताल लाया गया था, जिनमें से दो की हालत गंभीर थी और उन्हें रांची के अस्पताल में रेफर कर दिया गया है। घायलों की पहचान रामगढ़ जिले के कुंजीलाल रविदास, परमेश्वर कुमार महतो, रमेश ठाकुर, राजेंद्र महतो और संजय प्रसाद; हजारीबाग के राजेंद्र महतो और रितेश राणा; पटना के धनंजय सिंह और बिहार के दरभंगा के विजय यादव के तौर पर हुई है। रामगढ़ के लेबर सुपरिटेंडेंट अनिल रंजन ने कहा कि विभाग के अधिकारी लेबर सेफ्टी की समीक्षा के लिए प्लांट का दौरा करेंगे।

यह भी पढ़ें-

पंजाब में कार की टक्कर से तीन कांवड़ियों की मौत, एक की हालत गंभीर; विधानसभा स्पीकर ने किया मुआवजे का ऐलान