फतेहगढ़ साहिब: इस वक्त की बड़ी खबर पंजाब के फतेहगढ़ साहिब से सामने आ रही है। यहां एक कार की टक्कर से तीन कांवड़ियों की मौत हो गई। ये हादसा तब हुआ, जब कांवड़ियों का यह समुह गंगोत्री से जल लेकर फरीदकोट लौट रहा था। हादसे के बाद मौके पर चींख-पुकार मच गई। आनन-फानन में घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां तीन लोगों की मृत घोषित कर दिया गया। इस हादसे में एक घायल का इलाज किया जा रहा है। पंजाब विधानसभा स्पीकर ने इस हादसे पर दुख जताया है।
कार की टक्कर से तीन की मौत
पुलिस ने बताया कि रविवार सुबह सरहिंद GT रोड पर एक कार की टक्कर से तीन कांवड़ियों की मौत हो गई। इस हादसे में एक अन्य कांवड़िया गंभीर रूप से घायल हो गया। इस हादसे पर पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवान ने दुख जताया। उन्होंने पीड़ित परिवारों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक मदद और घायल व्यक्ति के मुफ्त इलाज की घोषणा की है।
गंगोत्री से लौट रहे थे कांवड़िये
जानकारी के मुताबिक यह घटना तब हुई जब कांवड़ियों का एक समुह उत्तराखंड के गंगोत्री से पवित्र जल लेकर फरीदकोट जिले के कोटकपुरा लौट रहा था। इस दौरान एक कार ने इन कांवड़ियों के समुह को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में घायलों को फतेहगढ़ साहिब के सिविल अस्पताल ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने उनमें से तीन को मृत घोषित कर दिया।
पंजाब विधानसभा स्पीकर ने हादसे पर जताया दुख
मृतकों की पहचान महिंदर पाल उर्फ गगन (43), दीपक कुमार (42) और जगदीश मित्तल उर्फ कालू (40) के रूप में हुई है। ये सभी लोग कोटकपुरा के रहने वाले थे। पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवान ने कहा, "तीन कीमती जानें जाना बेहद दुखद है।" उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति और पीड़ित परिवारों को इस अपूरणीय क्षति को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की। वहीं ASI तिलक राज ने बताया कि सरहिंद पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया गया है और मौके से फरार हुए कार चालक का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें-
CM मोहन यादव ने 4 फ्लाइट का किया शुभारंभ, अब MP से सीधे जुड़ गए पटना और कोलकाता