हरिद्वार से गंगाजल लाने निकले एक कांवड़िये का सफर गाजियाबाद में दर्दनाक हादसे के साथ खत्म हो गया। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे (NH-9) पर ट्रक की चपेट में आने से 20 साल के युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने हाईवे पर जाम लगा दिया, जिससे मेरठ की ओर जाने वाले मार्ग पर कई किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। पुलिस ने काफी देर तक समझाइश के बाद लोगों को शांत कराया और यातायात को सामान्य कराया।
मृतक नोएडा छलेरा गांव का निवासी
यह हादसा गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात हुआ। मृतक की पहचान दीपांशु के रूप में हुई है, जो नोएडा के छलेरा गांव का रहने वाला था। वह अपने चार साथियों के साथ बाइक से हरिद्वार जल लेने जा रहा था। रात करीब 11:30 बजे उनका काफिला दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर पहुंचा। इसी दौरान एक ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश में दीपांशु की बाइक अनियंत्रित होकर ट्रक की चपेट में आ गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दीपांशु ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बाइक पर पीछे बैठा उसका साथी भी हादसे में घायल हुआ, हालांकि, उसे मामूली चोटें आईं और प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही दीपांशु के परिजन और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने कार्रवाई की मांग को लेकर NH-9 पर जाम लगा दिया। देखते ही देखते मेरठ की ओर जाने वाली लेन पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और दिल्ली बॉर्डर तक यातायात प्रभावित हो गया।
ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार
सूचना मिलने पर इंदिरापुरम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया। काफी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया गया, जिसके बाद हाईवे पर यातायात दोबारा सुचारु हो सका। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी चालक को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जा सके।
(रिपोर्ट: जुबैर अख्तर)
यह भी पढ़ें:
मेरठ में कांवड़ियों के दो गुट आपस में भिड़े, पुलिस के सामने जिप्सी से निकालकर लाठी-डंडों से पीटा
हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर दो कांवड़ियों की गई जान, घायलों को अस्पताल में कराया भर्ती