1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. अहमदाबाद में पटाखा फैक्ट्री में बड़ा धमाका, मजदूरों के चीथड़े उड़े, 8 की मौत, PM मोदी ने जताया दुख

अहमदाबाद में पटाखा फैक्ट्री में बड़ा धमाका, मजदूरों के चीथड़े उड़े, 8 की मौत, PM मोदी ने जताया दुख

 Reported By: Nirnay Kapoor Written By: Shakti Singh
 Published : Jul 18, 2026 05:25 pm IST,  Updated : Jul 18, 2026 05:56 pm IST

हादसा इतना जोरदार था कि 5 किलोमीटर दूर तक इसकी आवाज सुनी गई। हादसे के समय फैक्ट्री में काम कर रहे मजदूरों के चीथड़े उड़ गए। अब तक 8 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है।

Ahmedabad Fire- India TV Hindi
हादसे में घायल लोगों का रेस्क्यू करती टीमें Image Source : REPORTER INPUT

गुजरात के अहमदाबाद में एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट हुआ। इस हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल हुए हैं। घटना वस्त्राल इलाके में रामोल-गतराड रोड पर शनिवार (18 जुलाई) को हुई। जानकारी के अनुसार जिस फैक्ट्री में धमाका हुआ। वह अवैध रूप से संचालित थी। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि इसकी आवाज लगभग 5 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि श्रमिकों के शवों के चिथड़े उड़ गए। घायलों में से 4 को एलजी अस्पताल और 3 को असरवा सिविल अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। पीएम मोदी ने घटना पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये के मुआवजे का ऐलान किया है।

यह फैक्ट्री वस्त्राल स्थित आरएएफ कैंप के पीछे होने के कारण, धमाके की आवाज सुनते ही कैंप में तैनात जवान तुरंत मौके पर पहुंच गए। फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही उन्होंने घायल और मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकाल लिया। फिलहाल फायर ब्रिगेड की पांच से अधिक गाड़ियां मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा चुकी हैं और कूलिंग की प्रक्रिया जारी है।

पीएम मोदी ने जताया दुख

पीएम मोदी ने इस घटना पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये का मुआवजा देने का ऐलान किया। उन्होंने एक्स पर लिखा, "गुजरात के अहमदाबाद में एक पटाखा फैक्ट्री में हुए हादसे में लोगों की मौत की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं दुखी परिवारों के साथ हैं। घायलों के जल्दी ठीक होने की प्रार्थना करता हूं। लोकल एडमिनिस्ट्रेशन प्रभावित लोगों को हर मुमकिन मदद दे रहा है। प्रधान मंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से हर मरने वाले के परिवार को 2 लाख रुपये की मदद दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।"

सीनियर अधिकारी मौके पर पहुंचे

अहमदाबाद के मेयर हितेश बारोट, अहमदाबाद म्युनिसिपल कॉरपोरेशन के फायर ब्रिगेड सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। जोन-8 के डीसीपी मयूर पाटिल और सेक्टर-2 के जेसीपी जयपाल सिंह राठौड़ भी मौके पर मौजूद रहे। इन लोगों ने राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने में मदद की।

27 जून को भी फैक्ट्री में हुआ था धमाका

गुजरात के खेड़ा में 27 जून को एक अवैध रूप से संचालित पटाखा फैक्ट्री में धमाका हुआ था। हालांकि, इस हादसे में किसी की जान नहीं गई थी। धमाका इतना जोरदार था कि फैक्ट्री के आसपास 10 किलोमीटर के इलाके में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। हालांकि, कोई हताहत नहीं हुआ था। धमाका कपडवंज क्षेत्र में डंपिंग स्टेशन के सामने एक इमारत में हुआ था। जोरदार धमाके से पूरी इमारत पल भर में ढह गई थी और मलबे के ढेर में तब्दील हो गई थी। घायलों में से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही थी। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को निकालकर पास के अस्पताल पहुंचाया और उनकी जान बचाई थी।

यह भी पढ़ें-

जयपुर की अवैध पटाखा गोदाम में धमाके के साथ लगी आग, 7 लोगों की मौत; कई घायल

देवास: पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट से 5 की मौत, घायलों से मिले CM मोहन यादव; कारखाना मालिक NSA के तहत गिरफ्तार​

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। गुजरात से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।