1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. खेड़ा में पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट, 10 किलोमीटर के इलाके में आ गया भूकंप, पूरे परिसर में फैला मलबा

खेड़ा में पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट, 10 किलोमीटर के इलाके में आ गया भूकंप, पूरे परिसर में फैला मलबा

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Jun 27, 2026 01:55 pm IST,  Updated : Jun 27, 2026 01:55 pm IST

ब्लास्ट इतना जोरदार था कि मकान की हालत खराब हो गई। कई लोग घायल हुए हैं। फैक्ट्री के आसपास 10 किलोमीटर के इलाके में भूकंप के झटके महसूस किए गए। हालांकि, कोई हताहत नहीं हुआ।

factory blast- India TV Hindi
ब्लास्ट के बाद फैक्ट्री की हालत Image Source : REPORTER INPUT

कपड़वंज के डंपिंग स्टेशन के सामने एक पटाखा फैक्ट्री में बड़ा ब्लास्ट हुआ। ब्लास्ट का असर घटना के आस-पास के इलाके के गांवों पर भी पड़ा। धमाके से कपड़वंज में फैक्ट्री के आसपास 10 किलोमीटर तक जमीन हिल गई। इस घटना में 2 लोग घायल हुए हैं। धमाके की खबर सुनकर लोगों की भीड़ जमा हो गई। जानकारी के मुताबिक पटाखा फैक्ट्री गैर-कानूनी तरीके से चल रही थी। पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच चुके हैं और पूरी घटना की जांच की जा रही है।

धमाका कपडवंज क्षेत्र में डंपिंग स्टेशन के सामने स्थित एक इमारत में हुआ। फैक्ट्री अवैध रूप से चल रही थी। धमाके के इतने जोरदार होने से पूरी इमारत पल भर में ढह गई और मलबे के ढेर में तब्दील हो गई। घायलों में से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को निकालकर पास के अस्पताल पहुंचाया।

रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंच गईं। दमकलकर्मी मलबे को हटाकर यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि कोई और व्यक्ति फंसा तो नहीं है। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है और जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाया जा रहा है कि बिना लाइसेंस के फैक्ट्री किसके संचालन में थी और सुरक्षा मानकों की अनदेखी किसकी लापरवाही से हुई।

दो दिन पहले एक फैक्ट्री पर पड़ा था छापा

घटना दो दिन पहले खेड़ा के वासो गांव में एसओजी द्वारा एक अन्य अवैध पटाखा कारखाने के भंडाफोड़ के ठीक बाद हुई है। लगातार ऐसी घटनाएं जिले में अवैध पटाखा गतिविधियों और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं। रिहायशी इलाकों के पास ऐसी खतरनाक फैक्टरियां चलने पर स्थानीय स्तर पर भी चिंता जताई जा रही है। अधिकारियों ने पूरे क्षेत्र में अन्य अवैध इकाइयों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है। घायलों का इलाज चल रहा है। किसी की मौत की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

कई राज्यों में हुई घटनाएं

पटाखा फैक्ट्री में आग लगने की घटना कोई नई नहीं है। इससे पहले भी कई राज्यों में ऐसी खबरें आ चुकी हैं। ओडिशा के गंजाम जिले में बुधवार को एक मकान में पटाखे बनाने के दौरान हुए विस्फोट में 19 वर्षीय एक युवक की मौत हो गई और तीन महिलाएं घायल हो गईं। घटना पात्रापुर थाना क्षेत्र के सिंगीपुर गांव में हुई। मृतक की पहचान आकाश दास के रूप में हुई है, जो कथित तौर पर विस्फोटक पदार्थ की मदद से पटाखे बना रहा था, तभी यह विस्फोट हो गया। स्थानीय लोगों ने घायलों को तुरंत दिगपहंडी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दास को मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि घायल हुई तीनों महिलाएं मृतक के परिवार की सदस्य हैं। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि इससे मकान की छत उड़ गई। मध्य प्रदेश, राजस्थान और यूपी से भी ऐसे खबरें सामने आ चुकी हैं।

(खेड़ा से नचिकेत मेहता की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

लिव-इन रिलेशनशिप का खौफनाक अंत: सूरत में मनीषा ने पार्टनर को चाकू घोंपकर मार डाला; राजकोट में फंदे से लटकी मिलीं AAP नेता

अरिजीत सिंह, नोरा फतेही और कपिल शर्मा के शो का झांसा देकर 1.41 करोड़ की ठगी, सूरत में चौंकाने वाली घटना

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। गुजरात से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।