A
  1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. शाकाहारी ग्राहक को दे दी नॉनवेज बिरयानी, गुस्से में होटल मालिक की गोली मारकर की हत्या

शाकाहारी ग्राहक को दे दी नॉनवेज बिरयानी, गुस्से में होटल मालिक की गोली मारकर की हत्या

रांची में एक ग्राहक ने होटल मालिक की गोली मारकर हत्या कर दी। जानकारी के मुताबिक होटल पर उसे शाकाहारी की जगह नॉनवेज बिरयानी दे दी गई थी, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद हो गया था।

नॉनवेज बिरयानी देने पर मारी गोली।- India TV Hindi
Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE नॉनवेज बिरयानी देने पर मारी गोली।

रांची: झारखंड की राजधानी रांची में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शाकाहारी ग्राहक को होटल पर कथित तौर ‘नॉनवेज’ बिरयानी दे दी गई। इस बात को लेकर होटल मालिक और ग्राहक के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना ज्यादा बढ़ गया कि ग्राहक ने 47 वर्षीय होटल मालिक की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने रविवार को इस घटना के बारे में जानकारी दी।

वेज की वजह दी नॉनवेज बिरयानी

पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) प्रवीण पुष्कर ने बताया कि यह घटना शनिवार रात करीब 11.30 बजे हुई, जब एक ग्राहक ने कांके-पिठोरिया रोड स्थित होटल से शाकाहारी बिरयानी मांगी और पार्सल लेकर चला गया। हालांकि कुछ देर बाद वह कुछ अन्य लोगों के साथ वापस आया और शिकायत की कि उसे ‘नॉनवेज’ बिरयानी परोसी गई। उन्होंने बताया कि रेस्तरां मालिक की पहचान विजय कुमार नाग (47) के रूप में हुई है।

होटल मालिक की गोली मारकर हत्या

पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) प्रवीण पुष्कर ने बताया कि जब रेस्तरां मालिक एक मेज पर खाना खा रहे थे, तभी हमलावरों में से एक ने उन पर गोली चला दी और एक गोली उनके सीने में लगी। उन्होंने बताया कि अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मृत व्यक्ति कांके थाना क्षेत्र के भिट्ठा का निवासी था। उन्होंने बताया कि शव को राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (आरआईएमएस) में पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई जगहों पर छापेमारी कर रही है।

स्थानीय लोगों ने किया हंगामा

कांके पुलिस थाने के प्रभारी प्रकाश रजक ने बताया, "रविवार सुबह गुस्साए स्थानीय लोगों ने अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर कुछ देर के लिए कांके-पिठोरिया रोड को जाम कर दिया। बाद में जब हमने उन्हें आश्वासन दिया कि हमलावरों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा, तब उन्होंने जाम हटाया।" उन्होंने कहा कि इस घटना के पीछे कोई अन्य मकसद तो नहीं था, इसका पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है। (इनपुट- पीटीआई)

यह भी पढ़ें-

पुराने लिव-इन पार्टनर ने गर्भवती महिला की चाकू मारकर की हत्या, पति ने हत्यारे को मार डाला

UPI पेमेंट फेल होने पर घड़ी के बदले दिया समोसा, रेलवे के वेंडर ने किया शर्मनाक काम