गर्मियों के मौसम में पसीना, धूल-मिट्टी और प्रदूषण के कारण बाल बहुत जल्दी चिपचिपे और गंदे हो जाते हैं। ऐसे में बालों को साफ रखने के लिए लोग रोजाना शैंपू करते हैं। लेकिन लोगों के मन में अक्सर यह सवाल उठता है कि क्या गर्मियों में रोज शैंपू करना चाहिए? रोजाना शैंपू करने से बालों पर क्या असर पड़ता है। अगर आपके मन में भी ये सवाल है तो घबराने की जरूरत नहीं है। यहां हम आपको बताने जा रहे हैं कि क्या रोजाना शैंपू करना चाहिए और बालों पर इसका क्या असर होता है।
क्या गर्मियों में रोज शैंपू करना चाहिए?
इसका सीधा जवाब है नहीं, गर्मियों में भी रोज शैंपू करने से बचना चाहिए। भले ही आपको स्कैल्प पर बहुत अधिक पसीना आ रहा हो, लेकिन रोजाना केमिकल युक्त शैंपू का इस्तेमाल करने से बालों को नुकसान पहुंच सकता है। रोजाना शैंपू करने से बाल कमजोर होकर टूटने लगते हैं।
रोज शैंपू करने का बालों पर असर
नेचुरल ऑयल होता है कम
हमारी स्कैल्प प्राकृतिक रूप से 'सीबम' नामक तेल बनाती है, जो बालों को मॉइश्चराइज और सुरक्षित रखता है। रोज शैंपू करने से यह तेल पूरी तरह खत्म हो जाता है, जिससे बाल बेजान और रूखे हो जाते हैं।
बालों का झड़ना और टूटना
जब स्कैल्प बहुत अधिक ड्राई हो जाती है, तो बालों की जड़ें कमजोर होने लगती हैं। रूखे बाल आपस में ज्यादा उलझते हैं, जिससे वे टूटकर गिरने लगते हैं।
रंग और चमक गायब होना
अगर आपने बालों को कलर कराया है, तो रोज शैंपू करने से वह रंग बहुत जल्दी फीका पड़ जाएगा और बालों की नेचुरल शाइन भी खत्म हो जाएगी।
गर्मियों में बालों को साफ रखने के सही तरीके
अगर रोज शैंपू नहीं करना है, तो गर्मियों में बालों की गंदगी और पसीने से कैसे निपटें? यहां हम कुछ आसान टिप्स बता रहे हैं।
हफ्ते में 2-3 बार शैंपू: गर्मियों के दौरान हफ्ते में केवल दो या तीन बार ही माइल्ड शैंपू का इस्तेमाल करें।
सादे पानी से धोएं: जिस दिन आप शैंपू नहीं कर रहे हैं और पसीना ज्यादा आया है, उस दिन बालों को सिर्फ सादे ठंडे पानी से अच्छी तरह धो लें। इससे पसीना निकल जाएगा और प्राकृतिक तेल भी बचा रहेगा।
ड्राय शैंपू का इस्तेमाल: अगर बाल थोड़े चिपचिपे लग रहे हैं, तो आप जड़ों में ड्राय शैंपू का इस्तेमाल कर सकते हैं। यह अतिरिक्त तेल को सोख लेता है।
एलोवेरा और गुलाब जल: पसीने की बदबू और खुजली से बचने के लिए स्कैल्प पर गुलाब जल या एलोवेरा जेल लगाएं। यह स्कैल्प को ठंडक देता है।
Latest Lifestyle News