गर्मी के मौसम बालों की सबसे बड़ी समस्या है पसीना आना और उसके बाद खुजली होना। शरीर के तापमान को कंट्रोल करने के लिए हमें पसीना आता है, लेकिन सिर में ज्यादा पसीना आना परेशान कर सकता है। इससे बाल ऑयली हो जाते हैं और पसीने से बालों में दुर्गंध आने लगती है। सिर में खुजली होती है और बालों का झड़ना भी बढ़ जाता है। कुछ लोगों को रूसी की समस्या भी हो सकती है।
पसीने में भीगे बालों की देखभाल आप आसानी से घर में कुछ बातों का ख्याल रखते हुए कर सकते हैं। सही हेयर केयर रूटीन, साफ-सफाई, लाइफस्टाइल में बदलाव और सिर की त्वचा के लिए सही प्रोडक्ट के इस्तेमाल से इस परेशानी को कम किया जा सकता हैं। इससे बाल और सिर की त्वचा हेल्दी रहेगी।
गर्मी और पसीने से बालों पर असर
स्किन एक्सपर्ट की मानें तो गर्मियों में सिर की त्वचा में खुजली और पसीना आना सिर्फ गर्मियों की समस्या नहीं है, बल्कि यह इस बात का संकेत है कि सिर की त्वचा का माइक्रोबियल और सेबेशियस संतुलन बिगड़ गया है। तेज गर्मी से सीबम का उत्पादन बढ़ जाता है, जबकि नमी के कारण पसीना त्वचा की सतह से गायब नहीं हो पाता है। इससे बैक्टीरिया और फफूंद जमा हो जाती है। अगर समय पर इलाज न किया जाए, तो यह खुजली और ऑयली स्किन से रूसी, रोमछिद्रों के आसपास सूजन हो सकती है। इससे बालों पर भी असर हो सकता है।
बार-बार शैंपू करना नहीं है हल
ऐसे में कुछ लोग बार-बार शैम्पू करते हैं ये आदत भी आपको नुकसान पहुंचा सकती है। जो लोग हार्ड शैम्पू का इस्तेमाल करते हैं उनके सिर की मौजूद फैट की लेयर कम होने लगती है। इसी स्थिति में त्वचा में खुजली की समस्या बढ़ जाती है। सिर की खुजली दूर करने के लिए एक्सरसाइज के बाद, गर्मी में रहने के बाद और जब भी पसीना सिर पर ज्यादा देर तक रहे तो हल्के, सल्फेट-फ्री शैम्पू का इस्तेमाल करें। गर्मी के दिनों में बहुत ज्यादा स्टाइलिंग प्रोडक्ट का इस्तेमाल करने से बचें।
पसीने से सिर और बालों में होने वाली समस्या
- लगातार खुजली
- त्वचा पर लालिमा
- बहुत पपड़ी उतरना
- सिर की त्वचा पर दाने
अगर ऐसी समस्या हो तो आपको किसी डॉक्टर को दिखाना चाहिए।
पसीने के बाद सिर साफ कैसे रखें
- एक्सरसाइज के बाद जब बहुत पसीना आ जाता है तो घंटों पसीने में बालों रखने की बजाय सिर धो लें।
- अगर आप स्टाइलिंग प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करते हैं, तो हफ्ते में एक बार क्लेरिफाइंग शैम्पू का इस्तेमाल करें।
- बालों को बांधने या हेलमेट पहनने से पहले सिर और बालों को अच्छी तरह से सुखा लें।
- अगर आपके बाल ऑयली हैं तो गर्मी और बरसात के दिनों में ज्यादा तेल लगाने से बचें।
Latest Lifestyle News