ड्राई स्किन वाले लोगों को अपने स्किन की खास देखभाल करने की जरूरत होती है। ड्राई स्किन यानी शुष्क त्वचा वाले लोगों के लिए सही फेस वॉश चुनना बहुत जरूरी है, क्योंकि गलत प्रोडक्ट त्वचा की प्राकृतिक नमी को कम कर सकता है और रूखापन, खिंचाव, जलन या खुजली बढ़ा सकता है। ऐसे लोगों को ऐसा फेस वॉश इस्तेमाल करना चाहिए जो त्वचा को साफ करने के साथ-साथ उसकी नमी को भी बनाए रखे। डॉ. स्वाति मोहन, डायरेक्टर और डर्मेटोलॉजिस्ट, फोर्टिस हॉस्पिटल, फरीदाबाद बता रही हैं कि ड्राई स्किन वालों को कैसा फेस वॉश यूज करना चाहिए।
क्या कहते हैं डर्मेटोलॉजिस्ट
ड्राई स्किन के लिए सबसे बेहतर ऑप्शन आमतौर पर जेंटल, हाइड्रेटिंग और मॉइस्चराइजिंग फेस वॉश होते हैं। ऐसा फेस वॉश चुनें जिसमें बहुत ज्यादा झाग न बने और जो त्वचा को साफ करने के बाद अत्यधिक खिंची हुई या रूखी महसूस न कराए। क्रीम या लोशन-बेस्ड क्लींजर भी ड्राई स्किन के लिए फायदेमंद हो सकते हैं। फेस वॉश खरीदते समय फ्रैगरेंस-फ्री और अल्कोहल-फ्री ऑप्शन्स चुनें। खासकर तब जब आपकी स्किन सेंसेटिव हो। ऐसे क्लींजर जिनमें सेरामाइड्स, ग्लिसरीन या हायलूरोनिक एसिड जैसे हाइड्रेटिंग इंग्रीडिएंट्स हों, त्वचा में नमी बनाए रखने में मदद कर सकते हैं। हालांकि, हर व्यक्ति की त्वचा अलग होती है, इसलिए किसी भी नए प्रोडक्ट को इस्तेमाल करने से पहले उसकी सामग्री और अपनी त्वचा की संवेदनशीलता को ध्यान में रखना चाहिए।
गर्म पानी का इस्तेमाल करने से बचें
ड्राई स्किन वालों को बहुत गर्म पानी से चेहरा धोने से बचना चाहिए। सामान्य या हल्के गुनगुने पानी का इस्तेमाल करें और चेहरा धोने के बाद त्वचा को रगड़ने के बजाय मुलायम तौलिए से हल्के हाथों से सुखाएं। इसके तुरंत बाद एक अच्छा मॉइस्चराइजर लगाना भी जरूरी है, ताकि त्वचा की नमी लॉक की जा सके। फेस वॉश का इस्तेमाल जरूरत से ज्यादा करने से भी बचना चाहिए। आमतौर पर दिन में एक से दो बार पर्याप्त हो सकता है, लेकिन यह व्यक्ति की त्वचा और दिनचर्या पर निर्भर करता है। अगर ड्राईनेस के साथ लगातार रेडनेस, खुजली, पपड़ी, जलन या त्वचा फटने जैसी समस्या हो रही है, तो केवल फेस वॉश बदलने के बजाय स्किन एक्सपर्ट्स से सलाह लेना बेहतर है।
Latest Lifestyle News