खाना बनाते वक्त कई बार खाना जल जाता है। जिससे खाना तो खराब होता ही है साथ ही बर्तन भी काला पड़ जाता है। ऐसे बर्तन को साफ करना मुश्किल हो जाता है। कई बार घंटों रगड़ने के बाद भी जला हुआ बर्तन पूरी तरह से साफ नहीं हो पाता है। कुछ लोग बर्तनों को अंदर से रगड़कर साफ नहीं करते हैं जिससे बर्तन धीरे-धीरे काला पड़ने लगता है। खासतौर से कुकर और कड़ाही के साथ ऐसा होता है। अगर इन्हें अच्छी तरह से क्लीन न किया जाए तो बर्तनों की चमक फीकी पड़ने लगती है। आज हम आपको अंदर से काले पड़ चुके कुकर को साफ करने का आसान तरीका बता रहे हैं, जिससे आपका कुकर नया जैसा चमकने लगेगा।
काले कुकर को साफ करने का तरीका
कुकर को साफ करने के लिए सबसे पहले उसकी सीटी और रबड़ को अलग निकाल दें। अगर कुकर अंदर से काला पड़ चुका है तो इसके लिए एक पैन में पानी गर्म करें। उसमें आधा चम्मच चाय की पत्ती का पानी डालकर उबाल लें। अब पानी को छान लें और इसमें थोड़ा साबुन या शैंपू डालें। इसमें 1 बड़ा चम्मच बेकिंग पाउडर डालें और घोल जैसा तैयार कर लें। अब कुकर को हल्का गर्म करें और तैयार घोल को कुकर के अंदर डाल दें। थोड़ा घुमाएं और ऐसा 1-2 बार करें। आप चाहें तो कुकर में थोड़ी देर के लिए इस पानी को छोड़ दें। अब स्क्रबर और साबुन की मदद से कुकर को रगड़कर साफ कर लें। इससे कुकर के अंदर जमी काली परत साफ हो जाएगी और कुकर अंदर से नया जैसा चमकने लगेगा।
कुकर की सीटी साफ करने का उपाय
कुकर की सीटी में खाना फंस जाता है। इसे साफ करना बहुत जरूरी होता है। अगर सीटी ठीक से साफ न हो तो कुकर में प्रेशर नहीं बनता और कई बार भाप न निकलने पर कुकर फटने का भी डर रहता है। कुकर की सीटी साफ करने के लिए एक बाउल में गर्म पानी, साबुन और बेकिंग सोडा डालकर घोल बना लें। इसमें सीटी को थोड़ी देर डुबाकर रखें। अब किसी पुराने टूथब्रश से इसे साफ कर लें। सोडा से सीटी के अंदर फंसी गंदगी बाहर निकल जाएगी। इसी तरह कुकर में जहां सीटी लगाते हैं उस जगह को भी ब्रश से अंदर और बाहर से साफ कर लें।
कुकर की रबड़ कैसे साफ करें
कई बार लोग कुकर को रबड़ लगे हुए ही साफ करते रहते हैं। जबकि रबड़ वाली जगह पर खाना और उससे निकलने वाला पानी जमा हो जाता है। इससे कुकर गंदा हो जाता है और ऐसे कुकर में खाना बनाने से इंफेक्शन का खतरा भी बढ़ जाता है। आप कुकर साफ करने वाले घोल में रबड़ को निकालकर कुछ देर के लिए छोड़ दें। अब इसे ब्रश की मदद से अच्छी तरह से साफ कर लें। जहां कुकर की रबड़ लगाते हैं उस जगह को भी ब्रश से क्लीन कर दें। आपका पूरा कुकर एकदम साफ हो जाएगा।
Latest Lifestyle News