1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. फीचर
  4. ट्यूबलाइट और बल्ब साफ करने का आसान तरीका, रोशनी से जगमगा उठेगा घर, बढ़ जाएगा उजाला

ट्यूबलाइट और बल्ब साफ करने का आसान तरीका, रोशनी से जगमगा उठेगा घर, बढ़ जाएगा उजाला

दिवाली की सफाई में घर की ट्यूबलाइट, बल्ब और दूसरी लाइट्स को भी साफ कर लें। इससे आपका घर रोशनी से जगमगा उठेगा और उजाला भी कई गुना बढ़ जाएगा। आइये जानते हैं ट्यूबलाइट और बल्ब साफ करने का आसान तरीका क्या है?

ट्यूबलाइट और बल्ब कैसे साफ करें- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV ट्यूबलाइट और बल्ब कैसे साफ करें

दिवाली की सफाई शुरू हो चुकी है। लोग घर के फर्श, खिड़कियों, पंखों और किचन को तो चमका लिया जाता है लेकिन धीमी, पीली पड़ रही लाइट साफ करने की ओर ध्यान नहीं जाता। ज्यादातर लोग घर में लगी ट्यूब लाइट्स और बल्ब को साफ करना नजरअंदाज कर देते हैं। खासकर किचन में लगे बल्ब और ट्यूब लाइट पर तेल और धूल-मिट्टी जमा होने से ग्रीस की परत जैसी जम जाती है, जिसे साफ करना जरूरी हो जाता है। इस दिवाली अपने घर की लाइट्स को भी साफ कर लें। इससे रोशनी बढ़ जाएगी और घर चमक उठेगा।

हालांकि बल्ब और ट्यूबलाइट साफ करते वक्त कुछ सावधानी बरतना भी जरूरी है। ये इलेक्ट्रिक सामान आपकी लापरवाही से खराब भी हो सकते हैं। इसलिए सफाई शुरू करने से पहले सुरक्षा का ध्यान रखें।

बल्ब और ट्यूब लाइट साफ करते वक्त इन बातों का ध्यान रखें

सबसे पहले लाइट का स्विच बंद कर दें। अगर डीप क्लीनिंग कर रहे हैं तो बिजली का मुख्य कनेक्शन ही बंद कर दें। अब बल्ब या ट्यूब लाइट को फिटिंग से निकाल लें अगर संभव हो तो। लेकिन इन्हें निकालते ही साफ करना शुरू न करें। लंबे समय तक जलने से बल्ब या ट्यूब लाइट गर्म होती हैं। पहले इन्हें ठंडा होने दें और फिर इन्हें साफ करें।

 ट्यूबलाइट बल्ब साफ करने के उपाय

धूल साफ करें- सबसे पहले जब बल्ब और ट्यूबलाइट ठंडी हो जाएं तो उन्हें किसी साफ कपड़े की मदद से पहले साफ कर लें। इससे धूल मिट्टी साफ हो जाएगी। सूखे माइक्रोफाइबर या कॉटन के कपड़े से धूल को अच्छी तरह साफ कर लें, लेकिन किचन की लाइट पर तेल और ग्रीस चिपकने से लिक्विड के बिना साफ करना मुश्किल हो जाता है। हालांकि कोई भी लिक्विड सीधे बल्ब पर न डालें।

बेकिंग सोडा- इसके लिए बेकिंग सोडा का इस्तेमाल करें। 2 कप पानी में करीब 2 चम्मच बेकिंग सोडा मिला लें और अब किसी कपड़े पर थोड़ा सोडा वाला पानी डालें। कपड़े को निचोड़ लें और फिर इससे बल्ब या ट्यूब लाइट को धीरे-धीरे साफ करें। कोई भी घोल सीधे बल्ब और ट्यूबलाइट न डालें। कपड़ा भी बहुत ज्यादा गीला न रखें। इससे बल्ब और ट्यूबलाइट में पानी जा सकता है।

नींबू और बेकिंग सोडा- अगर बहुत चिकनाई जम चुकी है तो आप बेकिंग सोडा में नींबू का इस्तेमाल भी कर सकते हैं। नींबू के रस में बेकिंग सोडा मिलाकर एक पेस्ट जैसा बना लें और इसे किसी कपड़े की मदद से लाइट पर लगाएं और थोड़ी देर लगाकर रखने के बाद स्क्रब से क्लीन कर लें। सफाई के बाद हल्के गीले कपड़े से सतह को पोंछ दें इससे ट्यूबलाइट नई जैसी चमक जाएगी।

साबुन से साफ करें- बहुत ज्यादा झंझट नहीं करने तो आप सिर्फ साबुन या डिटर्जेंट के घोल से बल्ब और ट्यूबलाइट को साफ कर लें। इससे चिकनाई और गंदगी आसानी से क्लीन हो जाएगी। ज्यादा चिकनाई लगी है तो गर्म पानी का इस्तेमाल करते हुए सफाई करें। इससे पुराने बल्ब, ट्यूबलाइट और सीएफ आसानी से साफ हो जाएंगी।

 

Latest Lifestyle News