अगर समय-समय पर बाथरूम की नाली को ठीक तरीके से साफ न किया जाए, तो नाली जाम हो जाती है। जाम हो चुकी नाली की वजह से पानी और साबुन का झाग निकल नहीं पाता है और बाथरूम की गंदगी बढ़ने लगती है। आज हम आपको बताएंगे कि आप जाम हो चुकी नाली को किस तरह से साफ कर सकते हैं। कुछ बेहद आसान हैक्स की मदद से आपके बाथरूम की गंदी नाली एकदम चकाचक साफ हो सकती है। आइए जानते हैं कैसे...
इस्तेमाल कर सकते हैं बेकिंग सोडा और सिरका- आपकी जानकारी के लिए बता दें कि बेकिंग सोडा और सिरका, दोनों चीजें साफ-सफाई के काम को काफी हद तक आसान बना सकती हैं। सबसे पहले बाथरूम की नाली में आधा कप बेकिंग सोडा डालिए। इसके बाद बेकिंग सोडा के ऊपर आधा कप सिरका डाल दीजिए। लगभग 15 से 20 मिनट तक इस मिश्रण को ऐसे ही छोड़ दीजिए। 15-20 मिनट के बाद नाली पर गर्म पानी डालिए और खुद-ब-खुद पॉजिटिव असर देखिए।
मददगार साबित हो सकता है उबलता पानी- अगर आप इतना तामझाम नहीं करना चाहते हैं, तो कोई बात नहीं, आप उबलते हुए पानी से भी नाली की सफाई कर सकते हैं। सबसे पहले 2 से 4 लीटर पानी को उबाल लीजिए। इस पानी को नाली में डालिए। खौलता हुआ पानी जमी हुई चिकनाई और साबुन को चुटकियों में साफ कर सकता है। हर हफ्ते इस हैक की मदद लीजिए, बाथरूम की नाली नहीं जमेगी।
गौर करने वाली बात- अगर आप अपने बाथरूम की नाली को जाम होने से बचाना चाहते हैं, तो आपको एक छोटी सी टिप को जरूर फॉलो करना चाहिए। हर रोज नहाने के बाद आपको जाली के ऊपर अटके बालों को जरूर हटाना चाहिए। अगर आप हर रोज जाली से बालों को हटाते रहेंगे, तो इसके जाम होने की संभावना काफी हद तक कम हो जाएगी।
डिस्क्लेमर: इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
Latest Lifestyle News