शादियों का सीजन हो या रोजमर्रा का पहनावा, महिलाओं को चांदी के गहने पहनना बेहद पसंद है। इनमें चांदी की पायल पैरों की खूबसूरती में चार चांद लगा देती है। हालांकि, पसीने, हवा और नमी के संपर्क में आने से चांदी धीरे-धीरे काली पड़ने लगती है और इसकी चमक कम हो जाती है। ऐसे में महिलाओं को समझ नहीं आता कि इसको नया जैसा चमकाने के लिए क्या उपाय करना चाहिए। अगर आपकी भी पायल अपनी चमक खो चुकी है, तो आपको उन्हें सुनार के पास ले जाने की जरूरत नहीं है। आप रसोई में मौजूद कुछ आसान चीजों से इन्हें फिर से नए जैसा चमका सकती हैं।
1. बेकिंग सोडा और एल्युमिनियम फॉयल
चांदी की पायल को साफ करने के लिए आप बेकिंग सोडा और एल्युमिनियम फॉयल का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए एक बर्तन में पानी उबालें और उसमें एक टुकड़ा एल्युमिनियम फॉयल का डाल दें। अब इसमें एक चम्मच बेकिंग सोडा और काली पड़ी पायल रख दें। रासायनिक प्रतिक्रिया के कारण मैल तुरंत छूट जाती है। 2-5 मिनट बाद पायल निकालकर ब्रश से हल्के हाथों से साफ करें और पानी से धो लें। पायल बिल्कुल नए जैसा चमक जाएगा।
2. कोलगेट टूथपेस्ट का कमाल
टूथपेस्ट न सिर्फ दांत साफ करता है, बल्कि चांदी के गहनों को चमकाने में भी जादू की तरह काम करता है। इसके लिए थोड़ा सा सादा सफेद टूथपेस्ट पायल पर लगाएं और पुराने टूथब्रश की मदद से धीरे-धीरे रगड़ें। इसे 5 मिनट के लिए ऐसे ही छोड़ दें और फिर गुनगुने पानी से धो लें। आपकी पायल चमक उठेगी।
3. सिरका और बेकिंग सोडा
सिरका जिद्दी से जिद्दी कालेपन को भी आसानी से दूर कर देता है। इसके लिए एक कटोरी में आधा कप सफेद सिरका और दो चम्मच बेकिंग सोडा मिलाएं। इस मिश्रण में अपनी चांदी की पायल को 2 से 3 घंटे के लिए भिगोकर रख दें। तय समय के बाद पायल को ठंडे पानी से धोकर सूती कपड़े से पोंछ लें। चमक देखकर आप हैरान रह जाएंगी।
4. नींबू और नमक
नींबू में नेचुरल ब्लीचिंग गुण होते हैं जो कालेपन को दूर करते हैं। इसके लिए एक नींबू को बीच से काटें, उस पर भरपूर मात्रा में नमक छिड़कें और इसे सीधे काली पड़ी पायल पर आहिस्ता-आहिस्ता रगड़ें। 10 मिनट तक रगड़ने के बाद पायल को गर्म पानी से धो लें। पायल का पीलापन और कालापन दोनों गायब हो जाएंगे।
5. इमली का खट्टा पानी
पुराने समय से ही चांदी और तांबे के बर्तनों को साफ करने के लिए इमली का इस्तेमाल किया जाता रहा है। इसे इस्तेमाल करने के लिए इमली को थोड़े पानी में भिगोकर उसका गूदा तैयार कर लें। अब इस गूदे या खट्टे पानी में पायल को कुछ देर के लिए डुबोकर रखें। इसके बाद ब्रश से साफ करके धो लें। इमली का एसिड चांदी की चमक को तुरंत वापस ले आता है।
Latest Lifestyle News