A
  1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. फीचर
  4. मटके के पानी से आने लगी है बदबू? जानें मटका साफ करने का सही तरीका

मटके के पानी से आने लगी है बदबू? जानें मटका साफ करने का सही तरीका

गर्मी के मौसम में हर किसी को ठंडा पानी पीना पसंद हैं। पानी न केवल प्यास बुझाता है बल्कि बॉडी को भी हाइड्रेट रखता है। ऐसे में ठंडे पानी की चाह में ज्यादातर लोग मटके का पानी पीना पसंद करते हैं। लेकिन कई बार मटके के पानी से अजीब सी बदबू आने लगती है, जिसकी वजह से पानी पीने का भी मन नहीं करता। ऐसे में मटके को साफ करने का तर

मटका साफ करने का सही तरीका - India TV Hindi
Image Source : FREEPIK मटका साफ करने का सही तरीका

गर्मियों के मौसम में मटके का ठंडा पानी अमृत जैसा लगता है, लेकिन अगर उसी पानी से मिट्टी की सौंधी खुशबू के बजाय बदबू आने लगे, तो यह न केवल पीने में खराब लगता है बल्कि सेहत के लिए भी नुकसानदेह हो सकता है। मटके में बदबू आने का मुख्य कारण बैक्टीरिया का पनपना या मटके के रोमछिद्रों का बंद हो जाना होता है। ऐसे में मटके को समय समय पर साफ करना बेहद जरूरी होता है। यहां हम कुछ आसान टिप्स के बारे में बता रहे हैं जिससे आप मटके को आसानी से साफ कर सकते हैं। 

1. सेंधा नमक और गर्म पानी का इस्तेमाल
यह सबसे पुराना और कारगर तरीका है। नमक एक नेचुरल क्लींजर का काम करता है। मटके को साफ करने के लिए सबसे पहले मटके को खाली करें और उसमें 2-3 चम्मच सेंधा नमक डालें। अब इसमें गुनगुना पानी भरकर 15-20 मिनट के लिए छोड़ दें। एक साफ कपड़े या नरम ब्रश से अंदर की दीवारों को रगड़ें और फिर पानी से धो लें।

2. नींबू और बेकिंग सोडा
अगर मटके से ज्यादा तीखी गंध आ रही है, तो नींबू और बेकिंग सोडा का इस्तेमाल कारगर साबित हो सकता है। इसके लिए एक नींबू का रस और एक चम्मच बेकिंग सोडा मटके में डालें। थोड़ा पानी डालकर इसे अच्छी तरह हिलाएं। यह मिश्रण मटके के अंदर जमी काई और गंध को जड़ से खत्म कर देता है।

3. बाहरी सफाई भी है जरूरी
मटका बाहर से ठंडा तभी रहता है जब उसके छेद खुले हों। मटके की बाहरी सतह को कभी भी साबुन या डिटर्जेंट से न धोएं। बाहर की दीवारों को रगड़ने के लिए मिट्टी या राख का इस्तेमाल करें। इससे रोमछिद्र खुल जाते हैं और पानी बेहतर तरीके से ठंडा होता है।

4. ईंट का टुकड़ा या नारियल की जटा
अगर मटके के अंदर हाथ नहीं जा रहा है, तो नारियल की सूखी जटा या ईंट के छोटे टुकड़े को मटके में डालें। थोड़ा पानी डालकर मटके को जोर-जोर से हिलाएं। इससे अंदर जमी गंदगी रगड़ खाकर साफ हो जाएगी।

Latest Lifestyle News