A
  1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. फीचर
  4. बाथरूम में लगे जिद्दी पीले दाग को आसानी से कैसे छुड़ाएं?

बाथरूम में लगे जिद्दी पीले दाग को आसानी से कैसे छुड़ाएं?

How to remove yellow stains from bathroom : बाथरूम में लगे पीले दागों को आसानी से छुड़ाने के लिए आप भी इन टिप्स को आज़माए।

बाथरूम - India TV Hindi
Image Source : FREEPIK बाथरूम से पीले दाग कैसे हटाएं

बाथरूम घर का वह हिस्सा है जहां सफाई का खास ध्यान रखना बेहद जरूरी होता है, लेकिन यही जगह सबसे जल्दी गंदी भी हो जाती है। टाइल्स, कमोड और वॉशबेसिन पर जमने वाले पीले दाग पूरे बाथरूम की चमक फीकी कर देते हैं। इन पीले दागों की मुख्य वजह हार्ड वॉटर में मौजूद मिनरल्स, साबुन की परत और नमी होती है। अगर समय पर सफाई न की जाए तो ये दाग मोटी परत का रूप ले लेते हैं और बदबू के साथ बैक्टीरिया का कारण भी बन सकते हैं। इन्हें हटाने के लिए आपको हमेशा महंगे केमिकल क्लीनर की जरूरत नहीं होती। घर में मौजूद कुछ आसान चीज़ों की मदद से भी इन जिद्दी दागों को साफ किया जा सकता है। 

इन नुस्खों से साफ़ होगा बाथरूम: 

  • बेकिंग सोडा और नींबू: बेकिंग सोडा एक क्लीनिंग एजेंट है जो दागों को ढीला करने में मदद करता है, जबकि नींबू में मौजूद साइट्रिक एसिड दागों को हल्का करता है। दाग वाली जगह पर बेकिंग सोडा छिड़कें और ऊपर से नींबू का रस डाल दें। लगभग 15–20 मिनट तक इसे ऐसे ही छोड़ दें, फिर ब्रश से हल्का रगड़कर पानी से धो लें। यह तरीका टाइल्स और वॉशबेसिन के लिए काफी असरदार है।

  • सिरका और बेकिंग सोडा: सफेद सिरका हार्ड वॉटर के कारण जमे दागों को हटाने में बहुत कारगर होता है। सबसे पहले दाग वाली जगह पर सिरका डालें और फिर उस पर बेकिंग सोडा छिड़क दें। झाग बनने लगेगा, जो दाग की परत को ढीला करता है। 20–30 मिनट बाद ब्रश से रगड़कर साफ पानी से धो लें। कमोड के अंदर जमे पीले दागों के लिए यह तरीका खासतौर पर फायदेमंद है।

  • हाइड्रोजन पेरॉक्साइड: अगर दाग बहुत पुराने और गहरे हो चुके हैं, तो हाइड्रोजन पेरॉक्साइड का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसे सीधे दाग पर डालकर लगभग 30 मिनट के लिए छोड़ दें। इसके बाद ब्रश से साफ करें और पानी से धो लें। ध्यान रखें कि इसका उपयोग करते समय दस्ताने जरूर पहनें।

  •  नमक और नींबू: हल्के पीले दागों के लिए नमक और नींबू भी अच्छा विकल्प है। दाग पर नमक छिड़कें और फिर नींबू का रस डाल दें। 10–15 मिनट बाद ब्रश से रगड़ें और पानी से धो लें। इससे न सिर्फ दाग हल्के होंगे बल्कि बदबू भी कम होगी।

 

Latest Lifestyle News