1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. फीचर
  4. घर पर हरी मिर्च कैसे उगाएं? इस ट्रिक से गमले में भर भर कर निकलेंगे Green Chilli

घर पर हरी मिर्च कैसे उगाएं? इस ट्रिक से गमले में भर भर कर निकलेंगे Green Chilli

How To Grow Green Chilli At Home: घर पर गमले में ढेर सारी हरी मिर्च उगाना कोई रॉकेट साइंस नहीं है, बस कुछ छोटी मगर जरूरी बातों का ध्यान रखना होता है। अगर आप चाहते हैं कि आपका मिर्च का पौधा मिर्चों से लद जाए, तो यहां बताए गए टिप्स को फॉलो करें।

घर पर हरी मिर्च कैसे उगाएं?- India TV Hindi
Image Source : FREEPIK घर पर हरी मिर्च कैसे उगाएं?

हरी मिर्च हर घर की रसोई का अहम हिस्सा होती है। इसका इस्तेमाल खाने को तीखा और लाजवाब बनाने के लिए किया जाता है। वहीं कई लोग इसे सलाद के साथ भी खाना पसंद करते हैं। लेकिन बाजार में इस वक्त हर चीज में मिलावट होने लगी है। हरी मिर्च में भी केमिकल्स हो सकते हैं।  इसका सेवन सेहत को काफी नुकसान पहुंचा सकता है। ऐसे में आप घर पर ही गमले में हरी मिर्च उगा सकते हैं। यहां हम कुछ आसान टिप्स के बारे में बताने जा रहे हैं जिसे फॉलो कर आप घर के गमले में भर भर कर हरी मिर्च उगा सकते हैं। 

1. सही बीज चुनें
सबसे पहले अच्छी क्वालिटी के बीज लें। आप बाजार से अच्छी किस्म के बीज खरीद सकते हैं या घर की सूखी लाल मिर्च के दानों का उपयोग कर सकते हैं। बीज बोने से पहले उन्हें 2-3 घंटे पानी में भिगो दें, इससे वे जल्दी अंकुरित होते हैं।

2. मिट्टी तैयार करने का 'सीक्रेट फॉर्मूला'
मिर्च भुरभुरी और पोषक तत्वों से भरपूर मिट्टी में होते हैं। गमले की मिट्टी तैयार करने के लिए 50% सामान्य बगीचे की मिट्टी, 30% गोबर की खाद या वर्मीकंपोस्ट, 10% कोकोपीट , 10% रेत रखें। 

3. बीज बोने का तरीका
एक छोटे बर्तन में बीज बिखेरें और ऊपर से हल्की मिट्टी की परत डाल दें। हल्का पानी छिड़कें और इसे ऐसी जगह रखें जहां छनकर धूप आए। जब पौधे 4-5 इंच के हो जाएं, तब उन्हें बड़े गमले में शिफ्ट कर दें।

4. 'भर-भर कर' मिर्च पाने की जादुई ट्रिक्स
यही वो स्टेप्स हैं जिससे आपके पौधे पर भर भर कर हरी मिर्च निकलेंगे। जब पौधा 1 फीट का हो जाए, तो उसका ऊपरी सिरा काट दें। इससे साइड से नई शाखाएं निकलेंगी और पौधा घना होगा। ज्यादा शाखाएं मतलब ज्यादा मिर्च। मिट्टी जब ऊपर से सूखी दिखे तभी पानी दें। मिर्च के पौधे को बहुत ज्यादा गीली मिट्टी पसंद नहीं है, इससे फूल झड़ने लगते हैं। मिर्च के गमले को ऐसी जगह रखें जहां कम से कम 6-7 घंटे की अच्छी धूप मिले। अगर फूल गिर रहे हैं, तो 1 लीटर पानी में थोड़ा सा शहद घोलकर फूलों पर स्प्रे करें। इससे मधुमक्खियां आकर्षित होंगी और 'पॉलिनेशन' अच्छा होगा।

5. खाद और पोषण
हर 20-25 दिन में एक मुट्ठी वर्मीकंपोस्ट या गोबर की खाद जरूर डालें। आप 'एप्सम साल्ट' का एक चम्मच 1 लीटर पानी में मिलाकर महीने में एक बार छिड़काव भी कर सकते हैं, इससे पत्तियां हरी रहती हैं और मिर्च का साइज बढ़ता है।

Latest Lifestyle News