घर में अलग-अलग पौधे लगाने से घर की खूबसूरती में चार चांद लग जाते हैं। अगर आपको भी पौधे उगाने का शौक है, तो आपको ये आर्टिकल जरूर पढ़ना चाहिए। तुलसी का पौधा घर पर कैसे उगाया जा सकता है और तुलसी के पौधे की देखभाल कैसे करनी चाहिए, आज हम आपको इस बारे में बताएंगे। अगर आप सही तरीके से तुलसी का पौधा लगाएंगे, तो तुलसी के पौधे की पत्तियां सूखेंगी नहीं और हरी-भरी रहेंगी। आइए स्टेप बाई स्टेप तुलसी का पौधा लगाना सीखते हैं।
कैसी होनी चाहिए मिट्टी- आपकी जानकारी के लिए बता दें कि तुलसी का पौधा लगाने के लिए आपको ऐसी मिट्टी का इस्तेमाल करना है, जहां पानी ज्यादा देर तक रुका न रहता हो। गमले में तुलसी का पौधा उगाने के लिए सामान्य मिट्टी में गोबर की खाद और रेत को मिक्स कर लीजिए। मिट्टी भुरभुरी होनी चाहिए। तुलसी का पौधा लगाने के लिए आपको 8 से 10 इंच गहरे गमले का इस्तेमाल करना चाहिए और ध्यान रहे कि गमले में पानी निकलने के लिए छेद होना चाहिए।
गौर करने वाली बात- गमले में मिट्टी डालने से पहले आप छेद पर टूटी हुई ईंट या फिर कंकड़ रख सकते हैं। इस स्टेप को फॉलो करने से गमले में पानी जमा नहीं हो पाएगा और आसानी से बाहर निकल पाएगा। दरअसल, अगर गमले में पानी जमा होगा, तो पौधे की जड़ सड़ सकती है। गमले में मिट्टी भर दीजिए और तुलसी का पौधा लगा लीजिए। पौधे की चारों साइड मिट्टी को हल्के हाथों से भर दीजिए और फिर पानी डाल दीजिए।
फॉलो करें जरूरी स्टेप्स- आपको तुलसी के पौधे को ऐसी जगह पर रखना है, जहां पर हर रोज 4 से 5 घंटे डायरेक्ट धूप पड़ती हो। तुलसी के पौधे में रोज थोड़ा-थोड़ा पानी डालना न भूलें। जब बरसाती मौसम हो, तब आपको तुलसी के पौधे में सिर्फ तभी पानी डालना चाहिए जब मिट्टी सूखी हुई दिखाई दे रही हो। तुलसी के पौधे में 15-18 दिन में ऑर्गेनिक खाद जरूर दीजिए।
डिस्क्लेमर: इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
Latest Lifestyle News