A
  1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. फीचर
  4. बेकार पड़े गत्ते और कार्टन बॉक्स से बनाएं पंखा, गर्मी में लाइट जाने पर आएंगे काम, हैंड फैन बनाने का सिंपल तरीका

बेकार पड़े गत्ते और कार्टन बॉक्स से बनाएं पंखा, गर्मी में लाइट जाने पर आएंगे काम, हैंड फैन बनाने का सिंपल तरीका

How To Make Hand Fan At Home: गर्मी में लाइट कटने पर एक मिनट बैठना भी मुश्किल हो जाता है। ऐसे में हैंड फैन बड़ा काम आते हैं। अगर आपके घर में कोई हैंड फैन नहीं है तो घर में पुराने कार्ड बोर्ड, कार्टन बॉक्स या किसी गत्ते से हैंड फैन बना सकते हैं।

हैंड फैन कैसे बनाएं- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV हैंड फैन कैसे बनाएं

गर्मियों के मौसम में बिजली कटौती एक आम समस्या है। ऐसे में जब अचानक लाइट चली जाती है, तो हाथ वाला पंखा ही सबसे बड़ा सहारा बनता है। बाजार से प्लास्टिक के पंखे खरीदने के बजाय, आप घर में बेकार पड़े गत्ते यानि कार्ड बोर्ड और कार्टन बॉक्स का इस्तेमाल करके खूबसूरत और लंबे समय तक चलने वाले हैंड फैन बना सकते हैं। पुराने कार्टन से हैंड फैन बनाना बहुत आसान होता है। गांव में आज भी लोग इस तरह के पंखों का इस्तेमाल करते हैं। आइये जानते हैं कार्ड बोर्ड और कार्टन बॉक्स से हैंड फैन बनाने का तरीका।

हैंड फैन बनाने का तरीका

  • आपको इसे बनाने के लिए पुराना कार्ड बोर्ड, कार्टन बॉक्स या गत्ता लेना होगा। साथ ही फेविकोल या हॉट ग्लू गन लेनी होगी। हैंडल के लिए एक लकड़ी की डंडी या पुरानी आइसक्रीम स्टिक लेनी होगी। सजावट के लिए रंगीन कागज, कपड़े के टुकड़े या लेस का इस्तेमाल कर सकते हैं। 

  • फैन बनाने के लिए कार्टन बॉक्स या सख्त गत्ते को खोलकर फ्लेट कर लें। अब कैंची या पेपर कटर की मदद से इसे अपनी पसंदीदा शेप में काट लें। आप इसे गोलाकार, चौकोर या अपनी पसंद का कोई भी डिजाइन में काट सकते हैं। ध्यान रहे कि पंखा बहुत बड़ा न हो, जिससे हाथ से चलाने में आसानी हो।

  • अगर गत्ता पतला है तो एक जैसे साइज के दो टुकड़े काटें और उन्हें आपस में चिपका दें। इससे पंखा मुड़ेगा नहीं और हवा भी अच्छी देगा। अब पंखे को पकड़ने के लिए एक मजबूत लकड़ी की डंडी या 3-4 आइसक्रीम स्टिक्स को आपस में जोड़कर एक लंबी स्टिक तैयार करें। अब गत्ते के निचले हिस्से के बीच में थोड़ा सा कट लगाएं या सीधे ग्लू की मदद से डंडी को मजबूती से चिपका दें। डंडी का कम से कम 3-4 इंच हिस्सा गत्ते के ऊपर होना चाहिए ताकि वह मजबूती से जुड़ा रहे।

  • अब हैंड फैन को सुंदर बनाने के लिए ऊपर से कलरफुल कागज चिपकाएं या पुराने कपड़ों के छोटे-छोटे टुकड़ों से कोलाज बनाएं। आप इसके किनारों पर लेस या गोटा भी लगा सकते हैं। इससे पंखा न केवल काम आएगा, बल्कि देखने में भी सुंदर लगेगा।

इस तरह बना हुआ हैंड फैन लाइट जाने पर आपको गर्मी से राहत देगा। आप इसे बहुत कम खर्च में आसानी से बना सकते हैं। बच्चों को गर्मी में हैंड फैन बनाने का टास्क भी दे सकते हैं। 

 

Latest Lifestyle News