बर्तन धोते-धोते ठंड से जमने लगते हैं हाथ, तो इस ट्रिक का करें इस्तेमाल, हाथों में नहीं लगेगा ठंडा पानी
How to wash dishes in winter: क्या आपको भी सर्दियों के मौसम में बर्तन धोने का काम बहुत मुश्किल लगता है? अगर हां, तो आपको बर्तन धोने के लिए इस तरीके को आजमाकर देखना चाहिए।
सभी लोग जानते हैं कि सर्दियों में ठंडे-ठंडे पानी से बर्तनों को धोना बिल्कुल आसान काम नहीं है। ठंडे पानी में ज्यादा देर तक हाथों का रहना, सेहत से जुड़ी समस्याओं का कारण भी बन सकता है। अगर आप भी सर्दियों के मौसम में बर्तनों को धोने के लिए पानी में हाथ नहीं डालना चाहते हैं, तो आपको इस आर्टिकल को जरूर पढ़ना चाहिए। हम आपको गीजर लगाने के लिए नहीं कहेंगे। आइए इससे भी आसान एक तरीके के बारे में जानकारी हासिल करते हैं।
बेहद आसान तरीका- आप सर्दियों के मौसम में बर्तनों को धोने के लिए डिशवॉशिंग ग्लव्स का इस्तेमाल कर सकते हैं। सर्दियों में इन ग्लव्स को यूज करने से क्या होगा? दरअसल, आप बर्तनों को धोने के लिए ठंडे पानी में हाथ तो डालेंगे, लेकिन पानी आपके हाथों की त्वचा पर नहीं लगेगा। यानी आपके हाथ ठंडे पानी से जमेंगे नहीं और आप आसानी से बर्तन धो पाएंगे।
समस्या का समाधान- सर्दियों में ठंडे पानी में बर्तन धोने से आपको ठंड लग सकती है और आप सर्दी, खांसी, जुकाम, बुखार जैसी समस्याओं की चपेट में आ सकते हैं। अगर आप इस तरह की समस्याओं के खतरे को कम करना चाहते हैं, तो आज ही डिशवॉशिंग ग्लव्स खरीद लीजिए। मार्केट में या फिर ऑनलाइन आपको आसानी से डिशवॉशिंग ग्लव्स मिल सकते हैं।
आसान हो जाएगा काम- रबर या फिर सिलिकॉन के डिशवॉशिंग ग्लव्स बर्तन धोने के काम को काफी ज्यादा आसान बना सकते हैं। आप मोटे और अंदर से लाइनिंग वाले ग्लव्स भी खरीद सकते हैं। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि कुछ ग्लव्स अंदर से कॉटन की लेयर के साथ बनाए जाते हैं और इस तरह के ग्लव्स ठंड से बचाने में ज्यादा असरदार साबित हो सकते हैं। अपने बजट के हिसाब से डिशवॉशिंग ग्लव्स चूज करें। ध्यान रहे कि सही साइज के डिशवॉशिंग ग्लव्स खरीदें जिससे हाथों की पकड़ बनी रहे और बर्तन फिसलने का खतरा न हो।
डिस्क्लेमर: इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
