1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. फीचर
  4. सीलन की वजह से झड़ने लगा है दीवारों का पेंट, तो अपनाकर देखें ये आसान हैक्स, मिलेगा छुटकारा

सीलन की वजह से झड़ने लगा है दीवारों का पेंट, तो अपनाकर देखें ये आसान हैक्स, मिलेगा छुटकारा

दीवारों से सीलन के कारण पेंट झड़ना एक आम समस्या है। यह न सिर्फ घर की खूबसूरती बिगाड़ता है, बल्कि दीवारों को भी कमजोर करता है। अगर आप भी इस दिक्कत से परेशान हैं, तो पेंट दोबारा कराने से पहले सीलन का इलाज करना जरूरी है। यहां जान लें इजी हैक्स।

सीलन की वजह से झड़ने लगा है दीवारों का पेंट, तो अपनाकर देखें ये आसान हैक्स, मिलेगा छुटकारा - India TV Hindi
Image Source : MAGNIFIC सीलन की वजह से झड़ने लगा है दीवारों का पेंट, तो अपनाकर देखें ये आसान हैक्स, मिलेगा छुटकारा

बारिश के मौसम में घरों में सीलन एक ऐसी आम समस्या है जो न सिर्फ दीवारों की खूबसूरती बिगाड़ती है, बल्कि दीवारों के पेंट को पपड़ी बनाकर झाड़ने भी लगती है। बरसात के मौसम में हर घर में ये समस्या होती है। ऐसे में लोगों को समझ नहीं आता कि इससे कैसे छुटकारा पाया जाए। अगर आप भी इस झंझट से परेशान हैं और अपनी दीवारों को नया जैसा बनाए रखना चाहते हैं, तो कुछ आसान घरेलू हैक्स और उपायों की मदद से इससे छुटकारा पा सकते हैं। आइए जानते हैं सीलन और झड़ते पेंट से निजात पाने के कुछ बेहद कारगर तरीका।

1. सीलन का मुख्य कारण पहचानें
सबसे पहले यह पता लगाएं कि पानी आ कहां से रहा है। अगर छत या दीवार में कोई लीक पाइप, दरार या बाथरूम का रिसाव है, तो सबसे पहले उसकी मरम्मत कराएं। मूल कारण को ठीक किए बिना ऊपर से कराया गया कोई भी उपाय ज्यादा दिन नहीं टिकेगा।

2. दीवार को अच्छे से स्क्रैप करें
झड़ते हुए पेंट पर सीधे नया पेंट या कोई केमिकल कभी न लगाएं। सबसे पहले एक स्क्रेपर या रेगमाल की मदद से सीलन से खराब हुई पपड़ी और पेंट को पूरी तरह रगड़कर निकाल दें। दीवार को सूखने के लिए 24 से 48 घंटे का समय दें।

3. सिरके और बेकिंग सोडा का इस्तेमाल
अगर सीलन वाली जगह पर फंगस या फफूंद जम गई है तो सफेद सिरके को एक स्प्रे बोतल में भरें और प्रभावित जगह पर छिड़कें। आधे घंटे बाद बेकिंग सोडा और पानी का पेस्ट बनाकर उस पर लगाएं और ब्रश से रगड़कर साफ कर दें। यह फंगस को खत्म कर दुर्गंध को भी दूर करता है।

4. वाटरप्रूफिंग सीलेंट या पुट्टी का इस्तेमाल
दीवार को साफ करने के बाद बाजार में मिलने वाले वाटरप्रूफिंग सीलेंट या डैम-प्रूफ केमिकल की एक परत लगाएं। इसके बाद वॉटरप्रूफ पुट्टी से दीवार को समतल करें। यह केमिकल दीवार के अंदर नमी को आने से रोकता है और पेंट की ग्रिप को मजबूत बनाता है।

5. घर में वेंटिलेशन बेहतर करें
कमरों में अगर ताजी हवा और धूप नहीं आती, तो सीलन का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में कमरों की खिड़कियां रोज कुछ देर के लिए जरूर खोलें। जिन कमरों में धूप नहीं आती, वहां डिह्यूमिडिफायर का इस्तेमाल कर सकते हैं या पंखा चलाकर नमी कम कर सकते हैं।

Latest Lifestyle News