1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. फीचर
  4. 30 साल से ज्यादा है उम्र तो इस डाइट से घटाएं वजन, डाइटिशियन ने तैयार किया खास मील प्लान

30 साल से ज्यादा है उम्र तो इस डाइट से घटाएं वजन, डाइटिशियन ने तैयार किया खास मील प्लान

30 साल की उम्र में हार्मोनल बदलाव तेजी से आते हैं। इस समय कई महिलाएं और पुरुष मोटे होने लगते हैं। ऐसे में आपको हेल्दी डाइट अपनाकर अपना वजन कंट्रोल रखना चाहिए। डाइटिशियन ने बताया आपको कैसी डाइट लेनी चाहिए, जिससे वजन कम हो सके और आप फिट रहें।

30 साल के बाद वजन कैसे घटाएं- India TV Hindi
Image Source : MAGNIFIC 30 साल के बाद वजन कैसे घटाएं

अगर आपकी उम्र 30 साल से ज्यादा है और वजन भी तेजी से बढ़ रहा है तो क्रैश डाइटिंग की बजाय हेल्दी डाइट प्लान चुनें। वजन घटाने के लिए कोई जादुई प्लान नहीं होता, लेकिन हेल्दी आदतों और खाने से इसे तेजी से कम किया जा सकता है। सबसे अहम ये है कि इस तरह की डाइट में आपको भूखे नहीं रहना होता और वजन हमेशा के लिए कंट्रोल किया जा सकता है। आज हम आपको नाश्ते से लेकर डिनर तक के लिए डाइटिशियन अलका फुटेला के प्लान के हिसाब से पूरी लिस्ट बता रहे हैं। इस डाइट प्लान को अपनी ग्रोसरी लिस्ट और खाने की प्लानिंग में शामिल कर लें। आपको कुछ ही दिनों में वजन में फर्क दिखने लगेगा।

30 साल के बाद वजन घटाने के लिए डाइट प्लान

सुबह उठकर क्या खाएं- दिन की शुरुआत पानी के साथ करें। आप 1-2 गिलास गुनगुना पानी पीएं। इसके बाद आप जीरा पानी, सौंफ का पानी, प्लेन ब्लैक टी या कॉफी बिना चीनी और दूध वाली पी सकते हैं।

नाश्ते में क्या खाएं- नाश्ते में आप 2 मूंगदाल के चाली दही के साथ खा सकते हैं। इसके अलावा 2 बेसन के चीला और साथ में चटनी खा सकते हैं। सब्जियां डालकर पोहा और दही साथ में ले सकते हैं। 2 उबले अंडे उसके साथ सब्जियां और 1 रोटी खा सकते हैं। सब्जियां डालकर उपमा और दही, पनीर भुर्जी और 2 रोटी भी खा सकते हैं।

दोपहर को लंच में क्या खाएं- दोपहर में आपको घर का बना भोजन खाना चाहिए। इसके लिए 2 रोटी, दाल, सब्जी और सलाद अच्छा है। दूसरा 1 कटोरी चावल, राजमा या दाल, सब्जी और दही खा लें। तीसरा ऑप्शन है 2 रोटी के साथ पनीर या चिकन और सब्जी सलाद शामिल करें। प्लेट में सिंपल 1/2 सब्जी, 1/4 प्रोटीन 1/4 रोटी और चावल होने चाहिए।

 शाम का नाश्ता- शाम 4–6 बजे भूख लगे तो आप कोई हेल्दी स्नैक ले सकते हैं। जैसे आप फल और उसके साथ 8–10 बादाम खा सकते हैं। इसके अलावा भुना चना और छाछ, स्प्राउट्स चाट, दही के साथ फल, 2 उबले अंडे खा सकते हैं। आपको बिस्किट, चाय, नमकीन और मिठाई से बचना है।

डिनर को आसान और हल्का रखें- रात के खाने को हल्का रखें। डिनर में आप पनीर/टोफू और उसके साथ सब्जी , 1–2 रोटी खा सकते हैं। किसी दिन दाल , सब्जी और 1–2 रोटी खा लें।  अंडा भुर्जी, सब्जियां  और उसके साथ 1 रोटी खा लें। किसी दिन चिकन/मछली और सब्जी के साथ 1 रोटी खा लें। किसी दिन खिचड़ी, दही और सलाद खा लें।

 

Latest Lifestyle News